उमस भरी गर्मी में बस यात्रियों को राहत, परिवहन निगम ने शुरू की ठंडे पानी और ओआरएस की व्यवस्था

परिवहन निगम ने इस उमस भरी तेज गर्मी को देखते हुए बस यात्रियों के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की है.

By SANJEEV KUMAR JHA | May 24, 2026 12:24 PM

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट :

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, भागलपुर ने इस उमस भरी तेज गर्मी को देखते हुए बस यात्रियों के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की है. भीषण गर्मी के कारण लोग लगातार लू की चपेट में आ रहे हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा यात्रियों के लिए ठंडे पानी और ओआरएस की विशेष व्यवस्था की गयी है.

तिलकामांझी बस स्टैंड समेत कई डिपो में इंतजाम

निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि तिलकामांझी बस स्टैंड परिसर के पास ठंडे पानी के जार और घड़े रखे गये हैं. इसके साथ ही यात्रियों के लिए ओआरएस के पैकेट भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि यात्री पानी में घोल बनाकर पी सकें और खुद को हाइड्रेटेड रख सकें. यह व्यवस्था भागलपुर डिपो के अलावा जमुई और मुंगेर डिपो में भी शुरू की गयी है. क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार, यह व्यवस्था पूरे गर्मी के मौसम तक हर दिन नियमित रूप से जारी रहेगी ताकि यात्रियों को सफर के दौरान कोई परेशानी न हो.

भागलपुर से इन रूटों पर चल रही हैं बसें

वर्तमान में भागलपुर पथ परिवहन निगम परिसर से तारापुर, बांका, सुलतानगंज और अमरपुर सहित कई स्थानीय रूटों पर बसों का परिचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है. इन रूटों के यात्रियों को बस स्टैंड पर इस शीतल पेयजल व्यवस्था का सीधा लाभ मिल रहा है.

विक्रमशिला सेतु बंद होने से बदला पूर्णिया रूट

विक्रमशिला सेतु पर परिचालन बंद होने के कारण भागलपुर से सीधे पूर्णिया और उस दिशा के अन्य रूटों पर बसों का परिचालन फिलहाल स्थगित है. हालांकि, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए परिवहन निगम द्वारा नवगछिया से पूर्णिया रूट पर चार विशेष बसों का संचालन किया जा रहा है, ताकि सीमांचल जाने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी का सामना न करना पड़े.