Bhagalpur News : जिले के 25 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में हुई मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा

जिले के 25 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में हुई मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा

By Prabhat Khabar News Desk | June 15, 2026 1:00 AM

जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर केंद्रीय सिपाही चयन पर्षद के बैनर तले रविवार को मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा दो पाली में कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित की गयी. पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चली. परीक्षा केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों व उनके अभिभावक पहुंचने लगे थे. जबकि केंद्रों पर सुबह आठ से नौ बजे तक ही प्रवेश देना तय था. दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक चली. इसमें परीक्षार्थियों को दोपहर एक बजे से दो बजे तक प्रवेश मिला. सुरक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरा, वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गयी थी. सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा रूम में प्रवेश दी गयी.

प्रश्नों के उलझे क्रम ने परीक्षार्थियों की बढ़ायी मुश्किल –

जिला स्कूल से परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी सौरभ कुमार, मयंक कुमार, सुनील ने प्रश्नों के क्रम को लेकर नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि प्रश्न काफी कठिन व समय लेने वाला था. प्रश्नों का क्रम सही नहीं रहने के कारण उत्तर देने में परेशानी हुई. ऐसे में समय ज्यादा निकल गया. मोक्षदा बालिका उच्च विद्यालय से परीक्षा देकर निकली शिवानी, दिव्या व कनक ने बताया कि हिंदी, अंग्रेजी व बिहार विशेष से कुल 12 से 15 प्रश्न ही पूछे गये थे. लेकिन गणित से पूछे गये कुछ प्रश्न उलझाने वाले थे.

दोनों पाली मिलाकर 12550 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा –

मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा की दोनों पाली में कुल 22992 परीक्षार्थियों की सीट बनायी गयी थी. इसमें 10442 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए. जबकि 12550 ने परीक्षा छोड़ दी. पहली पाली में 11496 में 5218 परीक्षार्थी ने परीक्षा दी. वहीं, 6278 अनुपस्थित रहे. जबकि दूसरी पाली में 5224 उपस्थित रहे. 6272 ने परीक्षा छोड़ दी. अब अगली परीक्षा 17 जून को आयोजित होगी. इसमें दोनों पाली में 22992 परीक्षार्थियों का सेंटर बनाया गया है.