भागलपुर में यार्ड जा रहे इंजन पर पथराव, शीशा टूटा, लोको पायलट घायल

भागलपुर के भीखनपुर नंबर-1 गुमटी के पास मंगलवार देर रात यार्ड की ओर जा रहे एक रेल इंजन पर असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया।. घटना में इंजन का अगला शीशा चकनाचूर हो गया और लोको पायलट को हल्की चोटें आईं.

By AJEET KUMAR | July 1, 2026 12:53 AM

भागलपुर से ब्रजेश नंदन माधुर्य की रिपोर्ट

Bhagalpur News : भीखनपुर नंबर-1 गुमटी के समीप मंगलवार देर रात यार्ड की ओर जा रहे एक रेल इंजन पर असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया. अचानक हुए हमले में इंजन का अगला शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि लोको पायलट आरएस शास्त्री को हल्की चोटें आईं. हालांकि इंजन में मौजूद दूसरे रेलकर्मी की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद रेलवे प्रशासन और रेल पुलिस हरकत में आ गई तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई.

पांच से छह की संख्या में थे युवक

जानकारी के अनुसार इंजन यार्ड की ओर जा रहा था. इसी दौरान भीखनपुर नंबर-1 गुमटी के पास पहले कुछ युवकों ने लोको पायलट से इंजन के गंतव्य के बारे में पूछताछ की. जब उन्हें बताया गया कि इंजन यार्ड जा रहा है, तो वहां मौजूद पांच-छह लोगों ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी और ईंट-पत्थर बरसाने लगे.

लोको पायलट को लगी चोट, शीशा चकनाचूर

अचानक हुए पथराव में इंजन का अगला शीशा चकनाचूर हो गया. टूटे हुए शीशे के कारण लोको पायलट आरएस शास्त्री को हल्की चोटें लगीं. वहीं इंजन में मौजूद दूसरे रेलकर्मी ने बताया कि पथराव शुरू होते ही उन्होंने तुरंत नीचे झुककर खुद को सुरक्षित कर लिया, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना से बचाव हो गया. घटना रात के अंधेरे में हुई, इसलिए हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी. रेलकर्मियों का कहना है कि पथराव करने वाले युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे.

घटना के बाद सुरक्षा कारणों से इंजन को वहीं रोक दिया गया. करीब दो घंटे तक इंजन का परिचालन बाधित रहा. सूचना मिलते ही लोको विभाग, स्टेशन प्रबंधन और रेल पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया. अधिकारियों ने रेलकर्मियों से घटना की जानकारी ली और क्षतिग्रस्त इंजन का निरीक्षण किया.

ALSO READ : सफलता की ऊंचाइयों तक जरूर जाएं, समाज व देश के लिए अच्छे नागरिक होने का कर्तव्य भी पूरा करें: मेयर डॉ. वसुंधरा लाल