भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
भागलपुर. जिले में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदला रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के पूर्वानुमान के अनुसार 10 जून तक जिले के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की वर्षा होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सुबह में सापेक्ष आर्द्रता 70 से 75 प्रतिशत और दोपहर में 20 से 25 प्रतिशत रह सकती है. अगले दो दिनों तक 14 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवा चलने की संभावना है.