भागलपुर में जल्द दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, पथ परिवहन निगम परिसर में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण तेज

भागलपुर में जल्द इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है. पथ परिवहन निगम परिसर में चार्जिंग स्टेशन और 10 चार्जिंग प्लेटफॉर्म का निर्माण तेजी से चल रहा है. पहले चरण में 25 ई-बसें मिलेंगी.

By Shruti Kumari | July 3, 2026 12:53 PM

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट:

Bhagalpur Electric Bus Service: शहर में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. आगामी कुछ महीनों में भागलपुर में इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू होने की संभावना है. इसके लिए पथ परिवहन निगम परिसर में चार्जिंग स्टेशन और अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण तेजी से किया जा रहा है.

चार्जिंग स्टेशन का निर्माण अंतिम चरण में

जानकारी के अनुसार, जिस एजेंसी को चार्जिंग स्टेशन निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह तेजी से काम कर रही है. चार्जिंग स्टेशन की सुरक्षा और बाहरी लोगों के प्रवेश पर नियंत्रण के लिए परिसर में बाउंड्री वॉल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. अगले दो से तीन दिनों में चार्जिंग प्लेटफॉर्म तैयार करने का कार्य शुरू किया जाएगा.

10 चार्जिंग प्लेटफॉर्म होंगे तैयार

पथ परिवहन निगम परिसर में कुल 10 चार्जिंग प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे. इन प्लेटफॉर्म पर एक साथ 10 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज किया जा सकेगा. चार्जिंग स्टेशन और आवश्यक उपकरणों की स्थापना पूरी होने के बाद बसों के संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा.

पहले चरण में मिलेंगी 25 इलेक्ट्रिक बसें

योजना के तहत पहले चरण में भागलपुर को 25 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी. बाद में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें जिले को मिलने की संभावना है. इन बसों के परिचालन से शहर और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों को बेहतर, प्रदूषण मुक्त और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी.

बसों की चार्जिंग क्षमता के अनुसार तय होंगे रूट

अधिकारियों के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसों के रूट और परिचालन की दूरी उनकी चार्जिंग क्षमता को ध्यान में रखते हुए तय की जाएगी. बसों के भागलपुर पहुंचने के बाद उनके संचालन की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी.

इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.

और पढ़ें: भागलपुर में चर्चित बिल्डर हत्याकांड का खुलासा : प्रेमिका ने ही की थी हत्या, गिरफ्तार