भागलपुर में चर्चित बिल्डर हत्याकांड का खुलासा : प्रेमिका ने ही की थी हत्या, गिरफ्तार

भागलपुर पुलिस ने तिलकामांझी थाना क्षेत्र के चर्चित बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है.

By Shruti Kumari | July 3, 2026 12:35 PM

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट:

Bhagalpur Builder Murder Case: तिलकामांझी थाना क्षेत्र के चर्चित बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड का भागलपुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने इस मामले में मृतक की प्रेमिका सीमा कुमारी को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार समेत कई महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किए हैं.
भागलपुर में चर्चित बिल्डर हत्याकांड का खुलासा : प्रेमिका ने ही की थी हत्या, गिरफ्तार 2

कार्यालय में मिला था बिल्डर का शव

पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को सूचना मिली कि बिल्डर बजरंग कुमार अपने कार्यालय से घर नहीं लौटे हैं. सूचना पर तिलकामांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो कार्यालय की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में उनका शव मिला. प्रारंभिक जांच में शरीर पर धारदार हथियार से कई वार के निशान पाए गए.

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. एफएसएल, डॉग स्क्वायड और तकनीकी टीम की मदद से वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई.

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी तथ्यों का विश्लेषण किया. इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस सीमा कुमारी तक पहुंची, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.

पूछताछ में आरोपी ने बताई घटना की कहानी

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सीमा कुमारी ने बताया कि घटना वाली रात वह बजरंग कुमार के कार्यालय गई थी. वहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने. आरोपी का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ क्रूर व्यवहार किया गया, जिससे वह आक्रोशित हो गई.

आरोप है कि जब बजरंग कुमार सो गए तो उसने पास में रखे दबिया से उनके सिर पर वार कर दिया. पहले हमले के बाद बजरंग ने बचने का प्रयास किया, लेकिन संघर्ष के दौरान आरोपी ने उन पर लगातार कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार संघर्ष के दौरान आरोपी को भी हल्की चोटें आईं.

हत्या के बाद कार्यालय से सामान लेकर हुई फरार

पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपी कार्यालय से महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य सामान लेकर बाहर निकली तथा कार्यालय को बाहर से बंद कर फरार हो गई.

हत्या में प्रयुक्त हथियार समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दबिया, खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन, लैपटॉप, एटीएम कार्ड, चाबियां, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत किया गया है.

एसएसपी बोले- वैज्ञानिक अनुसंधान से मिली सफलता

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर इस चर्चित हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

और पढ़ें: भागलपुर में बिल्डर का शव ऑफिस से बरामद, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस