Bhagalpur news जनगणना कार्य का बीडीओ ने किया निरीक्षण, दिये सख्त निर्देश

नवगछिया प्रखंड में जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है.

By JITENDRA TOMAR | May 7, 2026 11:18 PM

नवगछिया प्रखंड में जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पंकज कुमार ने खगड़ा पंचायत का दौरा कर जनगणना कार्यों का निरीक्षण किया और जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया. निरीक्षण में उन्होंने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा किये जा रहे घर-घर सर्वे, नजरी नक्शा निर्माण और मकानों के क्रमांकन की प्रक्रिया की बारीकी से जांच की. उन्होंने कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से करें, ताकि कोई परिवार जनगणना से छूटने न पाये. उन्होंने नजरी नक्शा को सटीक व अद्यतन बनाये रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह कार्य पूरी पारदर्शिता और सावधानी से करना चाहिए. बीडीओ ने बताया कि जनगणना कार्य दो से 31 मई तक निर्धारित समय सीमा में पूरा करना है, इसलिए सभी कर्मी समय का कड़ाई से पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें. उन्होंने मोबाइल ऐप से हो रहे डेटा संग्रह की भी समीक्षा की और तकनीकी रूप से सही एवं सटीक जानकारी दर्ज करने का निर्देश दिया. उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाये जाने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. प्रखंड क्षेत्र में जनगणना कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है और अधिकतर क्षेत्रों में प्रगणक सक्रिय रूप से कार्य करते देखे जा रहे हैं. प्रशासन ने आम नागरिकों से भी इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करने की अपील की है, ताकि जनगणना को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके.