बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: बगहा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में प्रशासन और केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को केवीएस की टीम ने प्रस्तावित 10 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया. साथ ही नए शैक्षणिक सत्र से विद्यालय के अस्थायी संचालन के लिए शहर के विभिन्न विद्यालयों का जायजा लिया, जिसमें सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय सबसे उपयुक्त विकल्प के रूप में सामने आया.
10 एकड़ भूमि पर बनेगा केंद्रीय विद्यालय का स्थायी परिसर
केंद्रीय विद्यालय संगठन की टीम ने बगहा दो प्रखंड के रामपुर स्थित नीतीश नगर में केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन निर्माण के लिए चिन्हित करीब 10 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भूमि की उपलब्धता, भौगोलिक स्थिति और निर्माण की संभावनाओं का आकलन किया. अंचलाधिकारी वसीम अकरम और प्रशासनिक अधिकारियों ने भूमि से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी टीम को उपलब्ध कराई.
अस्थायी संचालन के लिए सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय पहली पसंद
स्थायी भवन बनने तक केंद्रीय विद्यालय के संचालन के लिए केवीएस अधिकारियों ने शहर के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया. सबसे पहले नॉर्थ बिहार सुगर्स मिल्स हाई स्कूल का जायजा लिया गया, लेकिन उसके मॉडल स्कूल के रूप में संचालित होने के कारण उसे उपयुक्त नहीं माना गया. इसके बाद सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, पटखौली का निरीक्षण किया गया. यहां पर्याप्त कक्षाएं, पेयजल, शौचालय और बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलने के कारण इसे अस्थायी संचालन के लिए सबसे उपयुक्त माना जा रहा है.
नए शैक्षणिक सत्र से शुरू हो सकती हैं कक्षाएं
सूत्रों के अनुसार शिक्षा विभाग और केंद्रीय विद्यालय संगठन नए शैक्षणिक सत्र से बगहा में केंद्रीय विद्यालय का संचालन शुरू करने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं. स्थायी भवन बनने तक चयनित विद्यालय परिसर में कक्षाओं का संचालन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को समय पर केंद्रीय विद्यालय की सुविधा मिल सके.
कई अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय विद्यालय संगठन के सहायक आयुक्त (कार्मिक) सोमित श्रीवास्तव, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य विवेक धर दुबे, डीपीओ कुमार अनुभव, डीपीओ (स्थापना) आशुतोष रंजन, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी फूदन राम, सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेंद्र प्रसाद सिंह, हरेंद्र श्रीवास्तव सहित शिक्षा विभाग और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे.
विद्यार्थियों को मिलेगा सीबीएसई आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षण
बगहा में केंद्रीय विद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह है. विद्यालय के संचालन के बाद स्थानीय छात्रों को अपने ही क्षेत्र में सीबीएसई आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी. इससे बेहतर शिक्षा के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी और पश्चिम चंपारण के शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी.
यह भी पढ़ें: डीएम के आदेश की अनदेखी पड़ी भारी, सीओ पर विभागीय कार्रवाई की सिफारिश
