तेघड़ा में जनसुनवाई के दौरान सात मामलों का किया गया निबटारा

अंचल कार्यालय छौड़ाही में शुक्रवार को अंचलाधिकारी चंद्रप्रकाश पांडेय की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया.

By MANISH KUMAR | January 30, 2026 9:29 PM

छौड़ाही. अंचल कार्यालय छौड़ाही में शुक्रवार को अंचलाधिकारी चंद्रप्रकाश पांडेय की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया. इसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे. जनसुनवाई के दौरान मुख्य रूप से जमीन से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई. फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से जुड़े दस्तावेज और आवेदन अंचलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए. अंचलाधिकारी श्री पांडेय ने एक-एक कर सभी मामलों को गंभीरता से सुना और प्रस्तुत कागजातों की बारीकी से जांच की. उन्होंने फरियादियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि किन दस्तावेजों की पूर्ति जरूरी है. इस दौरान अंचलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन मामलों में कागजातों की कमी पाई गई है, उन्हें जल्द से जल्द पूरा कर कार्यालय में जमा करें, ताकि समयबद्ध तरीके से समस्या का समाधान किया जा सके. उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सही दस्तावेज प्रस्तुत करने पर उनके मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. जनसुनवाई के दौरान आरओ,डाटा ऑपरेटर मो सलाउद्दीन सहित अन्य कार्यालय कर्मी भी मौजूद रहे. मौके पर मौजूद फरियादियों ने जनसुनवाई के माध्यम से अपनी बात सीधे प्रशासन तक पहुंचने पर संतोष व्यक्त किया. अंचल कार्यालय में आयोजित इस जनसुनवाई से लोगों को ना केवल अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिला, बल्कि समाधान की स्पष्ट प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त हुई. वहीं तेघड़ा प्रतिनिधि के अनुसार सबका सम्मान जीवन आसान कार्यक्रम के अंतर्गत अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस जनता दरबार में कुल सात मामलों का निष्पादन किया गया. सभी मामले दखल-कब्जा एवं जमीनी विवाद से संबंधित थे. जिन पर अनुमंडल प्रशासन द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई. जनता दरबार के दौरान उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया. प्रशासन की इस पहल से आम जनों को काफी राहत मिली और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर संतोष व्यक्त किया गया. इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य यह है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान तुरंत और पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें. उन्होंने बताया कि प्रशासन यह विशेष ध्यान रखता है कि किसी भी व्यक्ति को समस्या के समाधान में अनावश्यक परेशानी न हो. अनुमंडल पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सबका सम्मान जीवन आसान जनता दरबार के अतिरिक्त भी आम नागरिक अपने मामलों और समस्याओं को अन्य कार्यदिवसों में अनुमंडल कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं. प्रशासन आम जनों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और समयबद्ध समाधान के लिए प्रतिबद्ध है. जनता दरबार में आए लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से जनता और प्रशासन के बीच विश्वास मजबूत होता है तथा समस्याओं का समाधान सरल और त्वरित हो पाता है. कार्यक्रम के सफल आयोजन से यह संदेश गया कि प्रशासन जनता के साथ खड़ा है और सम्मान के साथ सरल जीवन की दिशा में लगातार प्रयासरत है.