नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने चलाया सुरक्षा अभियान, बेगूसराय में जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
Begusarai News : नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बेगूसराय द्वारा ऊर्जा सुरक्षा सप्ताह के तहत सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लाइनमैनों व कर्मियों को सुरक्षा मानकों के पालन की शपथ दिलाई गई.
Begusarai News : ऊर्जा सुरक्षा सप्ताह के तहत नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के विद्युत आपूर्ति अंचल, बेगूसराय द्वारा सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति कर्मियों को जागरूक करना था. कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और लाइनमैनों ने भाग लिया.
फील्ड कर्मियों को मिला पीपीई किट, सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर
इस दौरान अधिकारियों ने फील्ड में कार्य करने वाले कर्मियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का संदेश देते हुए कहा कि विद्युत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है इसलिए प्रत्येक कार्य पूरी सतर्कता और निर्धारित सुरक्षा नियमों के अनुरूप किया जाना चाहिए. इस अवसर पर फील्ड कर्मियों को पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट एवं सुरक्षा किट वितरित की गई.
विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम पर जोर, कर्मियों को दिया गया सुरक्षा प्रशिक्षण
साथ ही सुरक्षित कार्य पद्धतियों,विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम, जोखिम प्रबंधन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई. कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने सेफ्टी फर्स्ट की भावना के साथ कार्य करने तथा हर परिस्थिति में सुरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन करने का संकल्प लिया. अधिकारियों ने कहा कि कर्मियों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे.
