बेगूसराय में मौसम का कहर, तेज आंधी-बारिश और वज्रपात से दहशत, ठनके की गर्जना से सहमे लोग

Begusarai Weather Update: बेगूसराय के कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और लगातार हो रहे वज्रपात से लोग सहमे हुए हैं. वहीं मौसम में आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है और किसानों के चेहरे खिल उठे हैं.

By Vikash Jha | June 19, 2026 7:13 PM

Begusarai Weather Update (विकाश मिश्रा की रिपोर्ट): बेगूसराय जिला मुख्यालय समेत बेगूसराय के विभिन्न प्रखंडों में शुक्रवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली. पिछले कई घंटों से जारी मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और लगातार कड़क रही आकाशीय बिजली ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. ठनके की तेज गर्जना से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दहशत का माहौल बना हुआ है. बारिश के साथ हो रही भीषण बिजली कड़कने की घटनाओं से लोग अपने-अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं.

ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत

ग्रामीण इलाकों में आकाशीय बिजली की चमक और गर्जना इतनी तेज है कि लोग बेहद भयभीत नजर आ रहे हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक ठनका और बारिश से जिले में कहीं से भी किसी प्रकार की जान-माल की क्षति या बड़े नुकसान की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है. स्थानीय प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

मौसम विभाग ने पूर्व में ही राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया था. विभाग ने आम लोगों से सतर्क रहने तथा खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की है. वहीं प्रशासन ने भी लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लेने की सलाह दी है.

किसानों के खिले चेहरे

मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए जिलेभर में लोग स्थिति पर सतर्क नजर बनाए हुए हैं. इधर, अचानक मौसम के बदलने और तेज बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है. इसके साथ ही इस मूसलाधार बारिश के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, क्योंकि यह बारिश खरीफ फसलों के लिए काफी फायदेमंद मानी जा रही है.

Also Read: डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी, ससुराल पहुंचने से पहले छिन गई जिंदगी, बेगूसराय में दर्दनाक सड़क हादसा