बरौनी जंक्शन पर लोको पायलटों का प्रदर्शन, इंजन में मूलभूत सुविधाओं की मांग तेज

Begusarai News: बरौनी जंक्शन पर एआईएलआरएसए के आह्वान पर लोको रनिंग स्टाफ ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. लोको पायलटों ने इंजन कैब में एसी, शौचालय और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग उठाई.

By Vikash Jha | May 21, 2026 4:07 PM

Begusarai News (नीरज कुमार की रिपोर्ट): बेगूसराय जिले के बरौनी जंक्शन पर केंद्रीय कमिटी एआईएलआरएसए के आह्वान पर बरौनी शाखा के तत्वावधान में लोको रनिंग स्टाफ ने लोकोमोटिव (इंजन) से जुड़े ज्वलंत मुद्दों और स्थानीय समस्याओं को लेकर देशव्यापी मुंडीगरम प्रदर्शन व धरना कार्यक्रम आयोजित किया. संयुक्त क्रू लॉबी के समक्ष हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष कॉ मुकेश कुमार यादव और उपाध्यक्ष कॉ लाल कुमार ने संयुक्त रूप से की.

लोको पायलटों की समस्याओं को लेकर उठी आवाज

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा सचिव कॉ प्रदीप कुमार ने कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य रेल परिचालन को बाधित करना नहीं है. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड और आम रेल यात्रियों तक यह संदेश पहुंचाना है कि लोको पायलट किस विषम परिस्थिति में ट्रेन चलाने को मजबूर हैं.

इंजन कैब में सुविधाओं की कमी का आरोप

उन्होंने कहा कि रेलवे में नई तकनीक और आधुनिक स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, लेकिन लोको पायलटों के लिए इंजन कैब में मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं. ड्यूटी के दौरान लोको पायलटों से लगातार 12 से 15 घंटे तक कार्य लिया जाता है. इंजन में लगी सीटें आरामदायक नहीं हैं और गर्मी के मौसम में कैब का तापमान बाहर से 5 से 10 डिग्री अधिक रहता है.

एसी और शौचालय की व्यवस्था की मांग

वक्ताओं ने कहा कि रेलवे की उच्चस्तरीय कमिटी की सिफारिश के बावजूद इंजन में अबतक एसी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है. जहां एसी लगाए गए हैं, वहां उसका मेंटेनेंस सही तरीके से नहीं हो पा रहा है. इसके अलावा लोको पायलटों के लिए इंजन में शौचालय और यूरिनल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं.

शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि क्रू लॉबी बरौनी में शुद्ध और ठंडे पेयजल की भी व्यवस्था नहीं है. इसको लेकर संगठन की ओर से ज्ञापन भी दिया जा चुका है, लेकिन रेल प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई.

सुरक्षित रेल परिचालन के लिए बेहतर माहौल की मांग

शशिभूषण कुमार ने कहा कि लोको पायलट अपने लिए कोई विशेष सुविधा नहीं मांग रहे, बल्कि सुरक्षित रेल परिचालन के लिए बेहतर कार्य वातावरण की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इतनी असुविधाओं के बावजूद रेलवे प्रशासन लोको पायलटों से सौ प्रतिशत सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त परिचालन की उम्मीद करता है.

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में शाखा सचिव प्रदीप कुमार, अध्यक्ष कॉ मुकेश कुमार यादव, कॉ संजय कुमार, लाल कुमार, राहुल राय, प्रभात रंजन, रवि कुमार, प्रवीर कुमार, संजीव कुमार, मणिकांत आजाद, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, विकास सिन्हा, सुनील, कौशल कुमार, बीएन राय और संजीत कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे.

Also Read: Begusarai News: नावकोठी में पान महासंघ का सम्मेलन, आरक्षण के लिए निर्णायक आंदोलन की चेतावनी