बेगूसराय से कुंदन कुमार की रिपोर्ट
Begusarai Doctors Day : राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर चिकित्सा सेवा अभियान के तहत बुधवार को सेठानी धर्मशाला परिसर में डेंटल सर्जन डॉ. गीता कुमारी की ओर से नि:शुल्क दंत चिकित्सा जांच सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे.
मरीजों की हुई जांच, नि:शुल्क दवा का वितरण
शिविर में दांतों में दर्द, मसूड़ों से खून आना, संवेदनशीलता, मुंह से बदबू, दांतों में कीड़े लगने समेत विभिन्न दंत समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच की गई. चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ जरूरतमंद मरीजों के बीच नि:शुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया.
साल में दो बार कराएं दांतों की जांच
डेंटल सर्जन डॉ. गीता कुमारी ने कहा कि दांतों और मसूड़ों की छोटी-छोटी समस्याओं को नजरअंदाज करना आगे चलकर गंभीर बीमारी का रूप ले सकता है. इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम-से-कम दो बार दंत चिकित्सक से जांच अवश्य करानी चाहिए. उन्होंने सही तरीके से ब्रश करने, भोजन के बाद कुल्ला करने, अत्यधिक मीठे खाद्य पदार्थों से बचने तथा तंबाकू, गुटखा और धूम्रपान जैसी आदतों से दूर रहने की सलाह दी.
स्वस्थ दांत बेहतर स्वास्थ्य की पहचान
डॉ. गीता ने कहा कि स्वस्थ दांत केवल सुंदर मुस्कान ही नहीं, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य की पहचान भी हैं. समय पर जांच और उचित उपचार से अधिकांश दंत रोगों को आसानी से रोका जा सकता है. शिविर में लोगों को मुख एवं दंत स्वच्छता के प्रति भी विस्तार से जागरूक किया गया.
डॉक्टर्स डे पर किया गया सम्मानित
राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर समाजसेवी महिलाओं एवं मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव ने डॉ. गीता कुमारी को पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सा सेवा समाज की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है और इस तरह के नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी हैं. शिविर में पहुंचे लोगों ने नि:शुल्क जांच, विशेषज्ञ परामर्श और दवा वितरण की व्यवस्था की सराहना करते हुए ऐसे जनहितकारी शिविरों का नियमित आयोजन करने की मांग की.
इसे भी पढ़ें : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित
