बाराहाट, बांका से अजय कुमार झा की रिपोर्ट
Chowkidar Attack : बाराहाट थाना क्षेत्र के खड़ाहारा गांव में न्यायालय द्वारा जारी नोटिस तामिला कराने गए एक चौकीदार पर कथित हमले का मामला सामने आया है. पीड़ित चौकीदार ने आरोपी पर मारपीट, धमकी और परिवार के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
नोटिस तामिला कराने के बाद बढ़ा विवाद
पीड़ित चौकीदार कलानंद पासवान ने बताया कि वह न्यायालय से जारी नोटिस तामिला कराने के लिए आरोपी मुहम्मद रसाजन के घर गए थे. नोटिस तामिला होने के बाद पुलिस टीम भी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पहुंची थी.
बच्चों को स्कूल छोड़ने के दौरान हमले का आरोप
चौकीदार के अनुसार शुक्रवार सुबह जब वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे, उसी दौरान आरोपी ने उन पर हमला कर दिया. पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना अचानक हुई और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई.
Chowkidar Attack : पत्नी की सोने की चेन छीनने का भी आरोप
पीड़ित के शोर मचाने पर उनकी पत्नी मौके पर पहुंचीं. चौकीदार का आरोप है कि आरोपी ने उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की और उनके गले में पहनी सोने की चेन छीन ली. साथ ही पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई.
परिवार में बना हुआ है दहशत का माहौल
घटना के बाद पीड़ित परिवार भय और असुरक्षा की स्थिति में है. चौकीदार का कहना है कि किसी अप्रिय घटना की आशंका को लेकर परिवार के सदस्य सहमे हुए हैं और सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले में अशोक कुमार ने बताया कि चौकीदार द्वारा घटना की जानकारी दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
