बिहार एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में बांका के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, कई स्पर्धाओं में जीते पदक
बौंसी, (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट :
बिहार राज्य जूनियर एवं सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बांका जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है. राज्यभर के 38 जिलों से आए 2000 से अधिक प्रतिभागियों के बीच बांका के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया तथा जिले का नाम पूरे बिहार में गौरवान्वित किया. प्रतियोगिता में बांका की धाविका इंद्राणी कुमारी ने ओपन सीनियर महिला वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया. वहीं पलक कुमारी ने अंडर-18 बालिका वर्ग के हैमर थ्रो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने जिले के खेल प्रेमियों को गौरवान्वित कर दिया.अंडर-20 बालक वर्ग में भी बांका के खिलाड़ियों का रहा दबदबा
अंडर-20 बालक वर्ग में भी बांका के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला. अंकित कुमार ने 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता, जबकि हरविंदर कुमार ने 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल कर जिले को सम्मान दिलाया. इसी वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में विवेक कुमार ने कांस्य पदक जीतकर बांका के पदकों की संख्या में इजाफा किया.जूनियर वर्ग में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. समीर कुमार ने अंडर-14 बालक वर्ग की ट्रायथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी क्षमता का परिचय दिया.