हसपुरा बाजार का पुरानी थाना रोड तालाब में तब्दील

जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से आम जनजीवन बेहाल

By SUJIT KUMAR | April 25, 2026 3:22 PM

मुख्य मार्ग पर 400 मीटर तक बह रहा नाली का पानी

दो पंचायतों के बीच फंसी पुरानी थाना रोड की समस्या

जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से आम जनजीवन बेहाल

फोटो नंबर-2- सड़क बना तालाब

हसपुरा.

हसपुरा बाजार के पुरानी थाना रोड में भीषण गर्मी के मौसम में भी सड़क पर नाली का पानी बहने से तालाब का दृश्य बना हुआ है. यह स्थिति लगभग 400 मीटर तक है. बताया जाता है कि इसी रास्ते से बच्चों का दो नामी निजी शिक्षण संस्थानों व एक कोचिंग संस्थान में आना-जाना रहता है. इसके बावजूद पुरानी थाना रोड की नारकीय स्थिति को कोई भी जनप्रतिनिधि देखने वाला नहीं है. जबकि यह मार्ग अमझर शरीफ व हसपुरा पंचायत के अधिकार क्षेत्र में पड़ता है. देखा जाए, तो हसपुरा बाजार आने के लिए पुरानी थाना रोड व्यस्ततम मार्ग है. स्थानीय मुहल्ले सहित अमझर शरीफ व बरैलीचक गांव के लोगों ने बताया कि इस सड़क से सांसद व विधायक को गुजरना चाहिए था. शायद तब उनका ध्यान इस ओर जाता और उन्हें यह समझ में आता कि पुरानी थाना रोड के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं. हसपुरा जिला पार्षद चंदा परवीन व प्रतिनिधि मो. एकलाख खां ने दो वर्ष पूर्व इस सड़क पर धान की रोपनी कर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया था, लेकिन अब तक इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया गया. वर्तमान में हसपुरा बाजार के पुरानी थाना रोड की स्थिति गांवों से भी बदतर बनी हुई है. इससे इस मोहल्ले के लोग परेशानी में जीवन जीने को विवश हैं.