ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम ने किया निरीक्षण, अभिलेखों व सुरक्षा मानकों की समीक्षा

Aurangabad News : जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ रखा जाए तथा नियमित रूप से निगरानी सुनिश्चित की जाए.

By Rajeev Kumar | June 20, 2026 12:12 PM

औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट
Aurangabad News : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा ने प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया.

वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभिलेखों की गहन जांच की गई. जिला पदाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

नियमित निगरानी जरूरी, लापरवाही पर कार्रवाई होगी

निरीक्षण के दौरान मशीनों की स्थिति, सुरक्षा उपकरणों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा संधारित अभिलेखों की भी समीक्षा की गई. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ रखा जाए तथा नियमित रूप से निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही की संभावना न रहे.

समय-समय पर किया जाता है निरीक्षण

उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है. इसका उद्देश्य निर्वाचन संबंधी उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा चुनाव प्रक्रिया में जनविश्वास बनाए रखना है.

निरीक्षण के अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. गजाली सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे.

Also Read : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले का संज्ञान लें मुख्यमंत्री, पूर्व विधायक राहुल तिवारी ने उठाई मुआवजा और न्याय की मांग