मिलरों की धीमी आपूर्ति पर डीएम सख्त
औरंगाबाद शहर. डीएम की अध्यक्षता में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 और रबी विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति, कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) आपूर्ति, किसानों के भुगतान और गेहूं खरीद की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में बताया गया कि जिले में सीएमआर आपूर्ति की कुल प्रगति 52.95 प्रतिशत है. इसमें रॉ सीएमआर 49.54 प्रतिशत और पैराबॉयल्ड सीएमआर 66.11 प्रतिशत शामिल है. जिले के लिए 123810 टन सीएमआर का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 65556 टन की आपूर्ति की जा चुकी है. राज्य स्तरीय समीक्षा के अनुसार जिले में 242.95 करोड़ रुपये देय हैं, जिसमें से 139.16 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 103.79 करोड़ रुपये लंबित है. इस प्रकार भुगतान की प्रगति 57.28 प्रतिशत है. धान खरीद के तहत जिले में 180901 टन से अधिक धान की खरीद की गई है, जिससे बड़ी संख्या में किसान लाभान्वित हुए हैं. भुगतान की प्रक्रिया पीएफएमएस के माध्यम से जारी है.