औरंगाबाद के दाउदनगर से ओम प्रकाश की रिपोर्ट
Aurangabad RCH Portal 2.0 Training: औरंगाबाद. जिले के अनुमंडलीय अस्पताल दाउदनगर के सभागार में 30 जून को सुबह 11 बजे से एएनएम एवं जीएनएम के लिए महत्वपूर्ण बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. प्रशिक्षण में क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधक श्रवण कुमार राय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की एएनएम तथा अनुमंडलीय अस्पताल की जीएनएम को नए आरसीएच पोर्टल 2.0 (Reproductive and Child Health) के संचालन एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी देंगे.
RCH पोर्टल 2.0 से खत्म होंगी पुरानी तकनीकी समस्याएं
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पहले संचालित आरसीएच-1 पोर्टल में डेटा दोहराव सहित कई तकनीकी समस्याएं थीं. इन्हें दूर करने के लिए आरसीएच पोर्टल 2.0 विकसित किया गया है. नए पोर्टल के माध्यम से अब 14 प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन किया जाएगा.
गर्भवती महिलाओं को मिलेगा यूनिक आईडी, नवजात का बनेगा बाल आभा कार्ड
नए पोर्टल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि गर्भवती महिला का पंजीकरण होते ही उसे एक यूनिक नंबर मिलेगा. इससे उसकी पूरी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रहेगी.
प्रसव के तुरंत बाद नवजात का बाल आभा कार्ड भी इसी पोर्टल के माध्यम से बनाया जाएगा. इससे बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण और अन्य आवश्यक सेवाओं की डिजिटल निगरानी पहले से अधिक प्रभावी होगी.
हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी पर मिलेगा अलर्ट
आरसीएच पोर्टल 2.0 हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी की समय रहते पहचान कर चिकित्सकों को अलर्ट भेजेगा. इससे समय पर उपचार सुनिश्चित होगा और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी.
इसके अलावा जननी सुरक्षा योजना एवं प्रसूति सहायता योजना की प्रोत्साहन राशि लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में सीधे भेजी जाएगी.
स्वास्थ्य कर्मियों को दी जाएगी विस्तृत जानकारी
30 जून को आयोजित प्रशिक्षण सत्र में सभी एएनएम एवं जीएनएम को पोर्टल के संचालन, डेटा एंट्री, पंजीकरण प्रक्रिया तथा नई डिजिटल सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. इसका उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों को नई डिजिटल व्यवस्था के प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षित करना है, ताकि आमजन को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
ALSO READ: मानसून में बिहार की ये 7 जगहें बन जाती हैं स्वर्ग, एक बार जाएंगे तो बार-बार जाने का करेगा मन
