औरंगाबाद: खेत में दौड़ा करंट, किसान की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Aurangabad Electric Shock Death: औरंगाबाद के रफीगंज प्रखंड के बेरी गांव में खेत की सिंचाई के दौरान हाई वोल्टेज बिजली करंट की चपेट में आने से किसान सिकंदर बर्मा की मौत हो गई. ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है.

By Vivek Pandey | June 24, 2026 12:42 PM

Aurangabad Electric Shock Death: (सुजीत कुमार सिंह) औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड अंतर्गत पौथु थाना क्षेत्र के लट्ठा पंचायत के बेरी गांव में खेत की सिंचाई (पटवन) के दौरान हाई वोल्टेज बिजली करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

खेत में पटवन के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान बेरी गांव निवासी सुदेश्वर वर्मा के 45 वर्षीय पुत्र सिकंदर वर्मा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सिकंदर बर्मा खेत में पटवन करने गए थे. इसी दौरान खेत के पास से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली तार के संपर्क में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए.

परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक अपने पीछे पत्नी पूनम देवी, 15 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार, 16 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी और 18 वर्षीय पुत्री अंचल कुमारी को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

मृतक के छोटे भाई पिंटू बर्मा और बड़े भाई फुलेन्द्र बर्मा ने बताया कि खेत में पटवन के दौरान हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हुआ.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया.

मुआवजे की मांग

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर