औरंगाबाद में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई BDO और CO का तबादला, देखें पूरी सूची

Aurangabad BDO Transfer बिहार सरकार ने औरंगाबाद जिले में कई BDO और CO का तबादला किया है. दाउदनगर, गोह, हसपुरा, बारुण, ओबरा और नवीनगर समेत कई प्रखंडों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है.

By Vivek Pandey | July 2, 2026 9:22 AM

Aurangabad BDO Transfer (ओम प्रकाश) बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने के उद्देश्य से राज्यभर में बड़े पैमाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) और अंचल अधिकारियों (CO) का तबादला किया है. इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत औरंगाबाद जिले के कई प्रखंडों में नए अधिकारियों की तैनाती की गई है. माना जा रहा है कि इस बदलाव से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और सुशासन को मजबूती मिलेगी.

दाउदनगर समेत छह अंचलों में बदले गए सीओ

बुधवार रात जारी आदेश के अनुसार, सारण जिले के इसुआपुर के अंचल अधिकारी सतीश कुमार सिंह को दाउदनगर का नया सीओ बनाया गया है. वहीं दाउदनगर के सीओ शैलेंद्र कुमार यादव का तबादला सारण जिले के इसुआपुर अंचल में किया गया है.

इसके साथ ही औरंगाबाद जिले के अब तक छह अंचल अधिकारियों का तबादला किए जा चुके है.

इन अंचलों में हुई नई तैनाती

  • गया जिले के डोभी के सीओ परीक्षित कुमार को नवीनगर का अंचल अधिकारी बनाया गया.
  • पटना सदर के सीओ रजनीकांत को गोह का सीओ बनाया गया.
  • फुलवारीशरीफ के सीओ सुनील कुमार को हसपुरा का अंचल अधिकारी बनाया गया.
  • कैमूर जिले के कुदरा के राजस्व अधिकारी नारायण राय को बारुण का सीओ बनाया गया.
  • भोजपुर जिले के सहार के सीओ राकेश शर्मा को ओबरा का अंचल अधिकारी बनाया गया.

इन अधिकारियों का हुआ तबादला

  • हसपुरा की सीओ कौशल्या कुमारी का तबादला नालंदा के राजगीर किया गया.
  • ओबरा के सीओ हरिहरनाथ पाठक को गया जिले के बाराचट्टी भेजा गया.
  • बारुण के सीओ मंजेश कुमार का तबादला रोहतास जिले के नौहट्टा अंचल में किया गया.

बीडीओ स्तर पर भी हुए कई अहम बदलाव

कैमूर जिले के दुर्गावती की बीडीओ ऋचा मिश्रा को औरंगाबाद सदर का बीडीओ बनाया गया.
अररिया जिले के सिकटी के बीडीओ मो. परवेज आलम को गोह प्रखंड का बीडीओ बनाया गया.
अरवल जिले के कलेर के बीडीओ मनोज कुमार को ओबरा प्रखंड का नया बीडीओ बनाया गया.
औरंगाबाद के एपीओ कुंदन कुमार को भागलपुर जिले के गोपालपुर का बीडीओ बनाया गया.

औरंगाबाद में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई bdo और co का तबादला, देखें पूरी सूची 2

प्रशासनिक कार्यों में आएगी तेजी

सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को जिले में विकास कार्यों में गति लाने, प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. नए अधिकारियों के पदभार ग्रहण करने के बाद विभिन्न प्रखंडों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और राजस्व प्रशासन में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद के तमसी मोड़ पर दर्दनाक हादसा, 25 फीट गहरी नहर में पलटी स्कूली वैन, 14 बच्चे जख्मी