अरवल में 7 साल बाद भी खंडहर बना जिला परिवहन कार्यालय, नए भवन में शिफ्टिंग पर उठे सवाल, बिजली समस्या बनी बाधा
Arwal News: अरवल जिला परिवहन कार्यालय 7 साल बाद भी नए भवन में शिफ्ट नहीं हो सका है. करोड़ों की लागत से बने भवन की स्थिति खराब हो रही है और बिजली समस्या के कारण संचालन रुका हुआ है.
अरवल से निशिकांत कि रिपोर्ट
Arwal News: अरवल जिला परिवहन विभाग का नवनिर्मित भवन निर्माण के 7 साल बाद भी उपयोग में नहीं लाया जा सका है, जिसके कारण करोड़ों की लागत से बना यह भवन अब उपेक्षा के चलते खंडहर में तब्दील होता जा रहा है.
2018 में बना भवन अब तक हैंडओवर नहीं
वर्ष 2018 में बने इस भवन को अब तक विभाग द्वारा हस्तगत नहीं किया गया है. भवन के आसपास घास और पेड़-पौधे उग आए हैं, लेकिन सफाई की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
समाहरणालय के दो कमरों में चल रहा कार्यालय
वर्तमान में जिला परिवहन कार्यालय समाहरणालय के केवल दो कमरों में संचालित हो रहा है, जिससे कर्मचारियों और आम लोगों दोनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
नए भवन में शिफ्टिंग पर असहमति
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन के पास बनाए गए इस नए भवन को समाहरणालय से लगभग एक किलोमीटर दूर होने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा शिफ्ट करने में रुचि नहीं दिखाई जा रही है.
प्रशासनिक आदेश भी नहीं हुआ लागू
कई जिला पदाधिकारियों द्वारा नए भवन में कार्यालय शिफ्ट करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे आम जनता को भी दिक्कत हो रही है.
बिजली समस्या बनी बड़ी बाधा
उप विकास आयुक्त शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि भवन में बिजली कनेक्शन की समस्या है. इस संबंध में बिजली विभाग को निर्देश दिया गया है और समस्या के समाधान के बाद कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित कर दिया जाएगा.
ALSO READ: पटना में कोचिंग के गेट पर लगेगा सुरक्षा का QR कोड, छात्र-अभिभावक भी कर सकेंगे जांच
