अरवल में सोन नदी में स्नान के दौरान युवक की मौत, स्थानीय लोगों ने लगाया गंभीर आरोप

Arwal News: अरवल के अहियापुर घाट पर सोन नदी में स्नान के दौरान 18 वर्षीय युवक राजकुमार की डूबने से मौत हो गई. दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

By Nikhil Anurag | May 27, 2026 5:35 PM

Arwal News: (निशिकांत की रिपोर्ट) अरवल जिले में सोन नदी में स्नान करने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद सदर अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्यारेचक निवासी 18 वर्षीय राजकुमार, पिता स्वर्गीय सुरेन्द्र सिंह, अपने दोस्तों के साथ सदर थाना क्षेत्र के अहियापुर मंदिर के पीछे स्थित सोन नदी घाट पर स्नान करने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.

दोस्तों ने बाहर निकाला, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

बताया जाता है कि साथ मौजूद दोस्तों ने उसे किसी तरह पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया.

परिवार में पसरा मातम

परिजनों के अनुसार, राजकुमार दो भाइयों में एक था और बाहर रहकर काम करता था. उसकी अचानक मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.

लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अहियापुर मंदिर के पास स्थित सोन नदी घाट काफी खतरनाक है. यहां पहले भी स्नान के दौरान डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं. इसके बावजूद प्रशासन की ओर से न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही लोगों को स्नान से रोकने के लिए कोई सुरक्षा व्यवस्था की गई है. लोगों ने जिला प्रशासन से घाट पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग की है.

Also Read: ‘जमीन से जुड़े काम अब केवल ऑनलाइन…’ बिहार के मंत्री बोले- ऑफलाइन काम करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई