अरवल में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ बकरीद, मस्जिदों और ईदगाहों में अदा की गई नमाज
Arwal News: अरवल में बकरीद पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया. मस्जिदों और ईदगाहों में सामूहिक नमाज अदा हुई. प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया.
Arwal News: (निशिकांत की रिपोर्ट) जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पारंपरिक उत्साह, उल्लास और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ. गुरुवार की सुबह शहर सहित ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा कर देश, समाज और अमन-चैन की दुआ मांगी.सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोग नए परिधानों में ईदगाहों और मस्जिदों की ओर जाते नजर आए. नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी. घरों में दावतों का दौर चलता रहा तथा परंपरा के अनुसार कुर्बानी भी दी गई.
जिला प्रशासन पूरी तरह दिखा अलर्ट
बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखा. जिलाधिकारी अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक नवजोत सिमी के निर्देश पर जिले के विभिन्न चौक-चौराहों, बाजारों, मस्जिदों और ईदगाहों के पास पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी.
अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार संजय लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे. वहीं ग्रामीण इलाकों में भी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई.
प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष भी संयुक्त रूप से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करते नजर आए. अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं दंडाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. प्रशासन की सतर्कता के बीच पूरे जिले में बकरीद पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
