राज्यव्यापी आह्वान पर अरवल में भाकपा माले का विरोध प्रदर्शन, एनकाउंटर के खिलाफ एकजुट हुए लेफ्ट कार्यकर्ता

Arwal CPI ML Protest : अरवल में भाकपा (माले) के राज्यव्यापी आह्वान पर विरोध मार्च निकाला गया. जिला सचिव जितेंद्र यादव ने फर्जी एनकाउंटर, भीड़ हिंसा और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए संविधान और न्यायिक प्रक्रिया की रक्षा की मांग की.

By Nikhil Anurag | July 4, 2026 3:59 PM

Arwal CPI ML Protest : भाकपा माले के राज्यव्यापी आह्वान पर शनिवार को अरवल में पार्टी के जिला सचिव जितेंद्र यादव के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला गया. मार्च पार्टी के जिला कार्यालय से शुरू होकर भगत सिंह चौक होते हुए प्रखंड परिसर पहुंचा, जहां यह सभा में तब्दील हो गया. सभा की अध्यक्षता पार्टी के जिला कमेटी सदस्य सुएब आलम ने की.

‘एनकाउंटर न्याय का विकल्प नहीं’

सभा को संबोधित करते हुए जिला सचिव जितेंद्र यादव ने कहा कि बिहार में भीड़ हिंसा, कथित फर्जी एनकाउंटर और जनविरोधी नीतियों ने लोकतंत्र एवं कानून के शासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना के विपरीत कार्य कर रही है.

उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में एनकाउंटर न्याय का विकल्प नहीं हो सकता. अपराध नियंत्रण के नाम पर न्यायिक प्रक्रिया की अनदेखी संविधान और कानून के शासन के खिलाफ है. किसी व्यक्ति को दोषी या निर्दोष घोषित करने का अधिकार केवल न्यायालय को है. उन्होंने कहा कि भाकपा माले संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अपने संघर्ष को और तेज करेगी.

कई नेताओं ने किया संबोधित

सभा को कलेर प्रखंड सचिव उमेश पासवान, नगर सचिव नंदकिशोर कुमार, कुर्था प्रखंड सचिव महेश यादव, बंशी प्रखंड सचिव राजेश्वरी यादव, जिला कमेटी सदस्य उपेंद्र पासवान, गणेश यादव, नीतीश कुमार, रमाकांत कुमार उर्फ टुन्ना शर्मा, चंद्रप्रभा देवी, त्यागी यादव तथा उमेश कुमार चंद्रवंशी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया.

Also Read: बिहार में मुखिया का चुनाव लड़ने से पहले पढ़ लें ये खबर, 10 साल बाद बदल सकता है आरक्षण रोस्टर, जानिए क्या है नियम