भरत तिवारी के गांव पहुंचे मंत्री अशोक चौधरी, बोले- एनकाउंटर गलत था, CM को बताऊंगा पूरी बात

Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर के बिलौटी गांव पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात की और एनकाउंटर को गलत बताया. उन्होंने कहा कि अब पूरे मामले की जानकारी मिल गई है और वह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सभी तथ्यों से अवगत कराएंगे.

By Abhinandan Pandey | July 5, 2026 2:02 PM

Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर बिहार की राजनीति लगातार गरमा रही है. इस बीच बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी रविवार को भरत तिवारी के पैतृक गांव बिलौटी पहुंचे. उन्होंने परिवार से मुलाकात की और भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की.

भरत तिवारी मामले में जेडीयू की ओर से पहली बार कोई वरिष्ठ नेता पीड़ित परिवार के बीच पहुंचा. अशोक चौधरी को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है. इससे पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी परिवार से मिलने बिलौटी पहुंचे थे.

भरत तिवारी को दी श्रद्धांजलि

बिलौटी गांव पहुंचने के बाद अशोक चौधरी ने भरत तिवारी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए. इसके बाद उन्होंने परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने परिवार को ढांढस बढ़ाया और भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी बात गंभीरता से सुनेगी.

‘एनकाउंटर गलत था’

मीडिया से बातचीत में अशोक चौधरी ने कहा कि भरत तिवारी का एनकाउंटर गलत था. उन्होंने कहा कि मैं पहले भी यह बात कहता रहा हूं कि यह एनकाउंटर गलत था. अशोक चौधरी ने आगे कहा कि पहले उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं थी. लेकिन अब उन्होंने सभी पहलुओं को समझ लिया है. उन्होंने कहा कि वह पूरे मामले से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अवगत कराएंगे.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

DSP और SHO की गिरफ्तारी पर क्या बोले?

डीएसपी और एसएचओ की गिरफ्तारी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि भारत में कानून और न्यायिक व्यवस्था है. उन्होंने कहा कि यह ईरान नहीं है कि मुंडी काटने वाले का तुरंत हाथ काट दिया जाए. यहां न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होगी और दोषियों को सजा मिलेगी.

परिवार को दिया न्याय का भरोसा

अशोक चौधरी ने कहा कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है. उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष जांच होगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में 12 कंटेंट क्रिएटर्स पर FIR, भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर बिहार पुलिस करेगी कार्रवाई