तोनहा ड्राइवर हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई, आवेदन के चार घंटे के भीतर नामजद आरोपी गिरफ्तार

Tonha Driver Murder Case: अररिया के भरगामा में तोनहा ड्राइवर हत्याकांड में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के चार घंटे के भीतर एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.

By Shruti Kumari | June 30, 2026 2:56 PM

भरगामा (अररिया) से राष्ट्र भूषण पिंटू की रिपोर्ट:

Tonha Driver Murder Case: तोनहा ड्राइवर हत्याकांड में भरगामा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की इस कार्रवाई को मामले के शीघ्र अनुसंधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

आवेदन मिलते ही गठित हुई पुलिस टीम

थाना सूत्रों के अनुसार मृतक चालक संजय कुमार के पिता शिवानंद मेहता द्वारा दिए गए आवेदन में पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. आवेदन प्राप्त होते ही थानाध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई गुड्डू कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

छापेमारी में नामजद आरोपी गिरफ्तार

गठित टीम ने तत्काल विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया और खुटहा बैजनाथपुर निवासी जगदीश मेहता (स्वर्गीय अधिक लाल मेहता के पुत्र) को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

बताया जाता है कि चालक संजय कुमार की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. घटना के बाद से ही पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

जल्द होगी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी

थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.