सीमा पर जांच व सुरक्षा व्यवस्था और होगी सुदृढ़

सीमा सुरक्षा, सीमा प्रबंधन दुरुस्त करने को लेकर डीएम ने की अधिकारियों के साथ बैठक

By PRAPHULL BHARTI | February 11, 2026 11:09 PM

जोगबनी. जोगबनी स्थित भारत-नेपाल सीमा का बुधवार को डीएम विनोद दूहन, एसपी जितेंद्र कुमार एसएसबी कमांडेंट शाश्वत कुमार ने भौतिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के पश्चात भारत-नेपाल सीमा स्थित बीसीपी गेट जोगबनी पर सीमा प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर समन्वय बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सिस्टर एजेंसियों के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया. बैठक में सीमा पर सुरक्षा दायित्वों को प्रभावी बनाने, समन्वय तंत्र को मजबूत करने व विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में जांच प्रक्रिया को व्यवस्थित रखते हुए आवागमन को सुचारु बनाए रखने पर भी विचार-विमर्श किया. बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए जिलाधिकारी विनोद दूहन ने कहा कि जोगबनी बॉर्डर का भौतिक निरीक्षण किया. इस दौरान सीमा क्षेत्र में किये जाने वाले संभावित सुधारात्मक कार्यों की जानकारी ली. वहां मौजूद विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया गया. उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये, ताकि व्यवस्थाओं में सुधार लाया जा सके. वहीं सेनानायक शाश्वत कुमार ने कहा कि अररिया जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व एसएसबी के अधिकारियों के साथ सीमा सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सीमा पर जांच व सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर चर्चा की गयी. इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को बिना बाधित किये प्रभावी सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने पर भी मंथन हुआ. उन्होंने बताया कि इस बैठक में एपीएफ (सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल) के अधिकारी भी उपस्थित रहे. ताकि दोनों देशों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके. यह पहली बैठक थी व शीघ्र ही दूसरी बैठक भी आयोजित की जाएगी. मौके पर उप कमांडेंट मदन मोहन भट्ट, एसडीएम अभय कुमार तिवारी, एडीएम अनिल कुमार झा,ओएसडी दिलीप कुमार, एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.