आरएसएस ने मनाया अखिल भारतीय घोष दिवस

वाद्य यंत्रों से आकर्षक घोष वादन प्रस्तुत किया

By MRIGENDRA MANI SINGH | February 15, 2026 7:22 PM

फारबिसगंज. शहर के बड़ा शिवालय मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अखिल भारतीय घोष दिवस श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया. इस अवसर पर संघ की घोष टोली ने शंख, आनक, प्रणव व वेणु जैसे वाद्य यंत्रों के माध्यम से आकर्षक घोष वादन प्रस्तुत किया, जिससे पूरा मंदिर गुंजायमान हो उठा. कार्यक्रम में विभिन्न पारंपरिक रचनाओं का प्रदर्शन किया गया. घोष वादन की मधुर व ओजस्वी ध्वनियों ने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. भक्तजन भक्ति व राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत वातावरण का आनंद लेते दिखाई दिये. कार्यक्रम के दौरान संघ के सुर निरंतर गुंजायमान होते रहे, जिससे महाशिवरात्रि का आध्यात्मिक उल्लास और अधिक प्रखर हो उठा. उल्लेखनीय है कि हिंदू धर्म में भगवान शिव को आदि गुरु के रूप में मान्यता प्राप्त है. उनके तांडव व डमरू की ध्वनि को सृष्टि के निर्माण की मूल शक्ति माना जाता है. मौके पर पूर्णिया विभाग के सह विभाग संघचालक रामकुमार केशरी,जिला संघचालक सच्चिदानंद मेहता, जिला कार्यवाह ओमप्रकाश शर्मा, जिला प्रचार प्रमुख ललन राय, आदित्य भगत,बटेश नाथ मंडल, उदय ठाकुर,बटेश नाथ मंडल नितेश कुमार,पंडित गोपी रमण झा आशुतोष परासर, बिट्टू कुमार, अनिकेत गोस्वामी, अभिनव सुदर्शन, हर्ष कुमार समेत घोष दल के सहित अन्य स्वयंसेवक मौजूद थे.