बारिश के बाद जलजमाव से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नाला निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन
Palasi Waterlogging Protest: Palasi अररिया के पलासी प्रखंड के चहटपुर पंचायत स्थित ततमा टोला में बारिश के बाद जलजमाव से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया. नाला निर्माण की मांग को लेकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और आंदोलन की चेतावनी दी.
अररिया से अशोक झा बबलू (पलासी) की रिपोर्ट
Palasi Waterlogging Protest: प्रखंड की चहटपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-11 स्थित ततमा टोला में लगातार हो रही बारिश के बाद जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए शीघ्र नाला निर्माण की मांग की.
घर-आंगन में भरा पानी, जनजीवन प्रभावित
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार देर रात से रुक-रुक कर हो रही झमाझम बारिश के कारण उनके घरों, आंगनों और गलियों में पानी भर गया है. जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है. कई स्थानों पर मुख्य सड़क पर भी पानी बहने लगा है, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त होने लगी है.
सड़क निर्माण के बाद बंद हुआ पानी निकासी का रास्ता
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले सड़क निर्माण के बाद से इलाके की जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो गई. तब से लगातार स्थानीय प्रशासन, मुखिया और जनप्रतिनिधियों से नाला निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. ग्रामीणों का कहना है कि हर बारिश में उन्हें इसी समस्या का सामना करना पड़ता है.
प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्या से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई. जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी घरों और रास्तों में जमा हो जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है.
नाला निर्माण नहीं हुआ तो होगा धरना
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नाला निर्माण नहीं कराया गया तो पूरे गांव के लोग अपने परिवार के साथ प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे. उन्होंने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान निकालने की मांग की.
प्रदर्शन में शामिल रहे ग्रामीण
प्रदर्शन में मो. हसन, हीरालाल ततमा, मो. कैस, महेश ततमा, विनोद ततमा, मनोज ततमा, छोटू ततमा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
और पढ़ें: अररिया में देर रात ट्रैक्टर चालक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत
