मुख्य सड़क गड्ढे में तब्दील, आवागमन बाधित
सड़क खराब होने से मरीजों व किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है.
By PRAPHULL BHARTI |
June 11, 2026 5:42 PM
राहगीरों को सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है.
सिकटी. प्रखंड क्षेत्र के कोवाकोह पंचायत के बेलबाड़ी से जमुआ जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क पर जगह जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. रोजमर्रा के काम से इस रास्ते दर्ज़नों गांवों से हजारों लोगों का आवागमन बाधित हो गया है. लोगों को जिला मुख्यालय जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि कभी भी बड़ी दुर्घटना हो जाती है. बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति बेहद खराब हो जाती है. दोपहिया व चारपहिया वाहन फंस जाते हैं. राहगीरों को सड़क पर पैदल चलने में भी मुश्किल हो जाता है. कई बार लोग गड्ढे में गिरकर चोटिल हो चुके हैं.
कहते हैं ग्रामीण
भाजपा बरदाहा मंडल अध्यक्ष कुमोद झा, उपमुखिया नरेश झा, पंसस देवेंद्र मंडल, केदारनाथ झा, प्रकाश मिश्रा, बरुन झा सहित दर्जनों ग्रामीणों कहना है कि बेलबाड़ी से जमुआ जाने वाली यह मुख्य सड़क दर्जनों गांवों को जोड़ती है. बेलबाड़ी, जमुआ, कोवाकोह सहित दर्जनों गांवों के लोग इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं. सड़क खराब होने से मरीजों व किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में दिक्कत होती है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए ताकि आवागमन सुलभ हो सके.
...