भूकंप से बचाव की दी जानकारी

मॉक ड्रिल का किया आयोजन

By MRIGENDRA MANI SINGH | January 28, 2026 7:08 PM

सिमराहा. सिमराहा स्थित फणीश्वर नाथ रेणु अभियंत्रण महाविद्यालय में बुधवार को भूकंप सुरक्षा पखवारा का समापन हुआ. यह आयोजन महाविद्यालय प्रांगण में 15 से 28 जनवरी तक चला. एक पखवाड़े तक बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं आपदा प्रबंधन विभाग, अररिया के सहयोग चले इस आयोजन में के समापन के दौरान भूकंप मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान आपदा प्रबंधन विभाग, अररिया से आई विशेषज्ञ टीम द्वारा छात्रों एवं उपस्थित जनों को भूकंप से संबंधित जागरूकता की विस्तृत जानकारी दी गयी. आपदा प्रबंधन टीम ने भूकंप से पहले, भूकंप के दौरान तथा भूकंप के बाद क्या करें और आपदा की स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने एवं उससे उबरने के उपायों पर व्यावहारिक रूप से समझाया. मॉक ड्रिल के माध्यम से छात्रों को वास्तविक आपदा जैसी स्थिति में सही प्रतिक्रिया देना सिखाया गया. इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य प्रो डॉ असीम कुमार ठाकुर ने आपदा प्रबंधन टीम का स्वागत करते हुए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की.