फारबिसगंज में एडीएम ने किया बाढ़ पूर्व तैयारियों का निरीक्षण
बाढ़ से पूर्व किये जाने वाले आवश्यक कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों व कनीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
फारबिसगंज
बाढ़ से पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए एडीएम नवनील कुमार मंगलवार को फारबिसगंज पहुंचे. उन्होंने प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र से होकर बहने वाली परमान नदी के तटबंधों सहित शहरी क्षेत्र से गुजरने वाले ऐतिहासिक सिताधार का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कुशमाहा, पिपरा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर परमान नदी के बांधों एवं बाढ़ आश्रय स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को बाढ़ से पूर्व सभी आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया .बरसात से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं
एडीएम ने विशेष रूप से कमजोर तटबंधों की मरम्मत, सिताधार के जल निकासी मार्ग से जलकुंभी एवं गाद की सफाई को प्राथमिकता देने को कहा. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बरसात से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो. निरीक्षण के बाद एडीएम अनुमंडलीय कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की. बैठक में बाढ़ आश्रय स्थलों की व्यवस्था, परमान नदी के तटबंधों की स्थिति, सिताधार की सफाई एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गयी.बैठक में एसडीओ अभय कुमार, सीओ पंकज कुमार, बीडीओ संजय कुमार, बीपीआरओ शशि रंजन कुमार, नगर परिषद ईओ रणधीर लाल, जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
