सशक्त स्थायी समिति चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज

चुनाव 16 अप्रैल को

By MRIGENDRA MANI SINGH | April 10, 2026 9:10 PM

फारबिसगंज. फारबिसगंज नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गयी है. चुनाव आगामी 16 अप्रैल को होगा. जिसकी तैयारी जारी है. इधर चुनाव को लेकर पार्षदों को साधने की कवायद शुरू कर दी है. अब नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चयन मनोनयन के बजाय निर्वाचित वार्ड पार्षदों द्वारा गुप्त मतदान के माध्यम से किया जाएगा. जानकारों की मानें तो चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन सुबह 08 बजे से 10 बजे तक होगा. इसके बाद 10 बजे से 11 बजे तक मतदान की तैयारियां की जाएगी. मतदान 11 बजे से 02 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 02 बजे से 03 बजे तक पार्षदों के समक्ष ही की जाने की संभावना है. इसके बाद 03 बजे से 04 बजे तक निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी. इस चुनाव में मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद को मतदान करने से वंचित रखा गया है. शपथ ग्रहण का कार्य एसडीओ अभय कुमार तिवारी के द्वारा कराया जाएगा. पूरे चुनाव को निष्पक्ष व पारदर्शी बनाने के लिए प्रेक्षक व सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की तैनाती की गई है.