डीएम व एसपी ने की शोभायात्रा की निगरानी

अधिकारियों को दिये कई निर्देश

By MRIGENDRA MANI SINGH | March 27, 2026 8:13 PM

अररिया. रामनवमी पर जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये. नगर थाना स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जिलाधिकारी विनोद दूहन व एसपी जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से शोभायात्रा की निगरानी की. आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर के विभिन्न मार्गों व प्रमुख चौक-चौराहों पर नजर रखी गई. जिससे हर गतिविधि पर प्रशासन की सीधी नजर बनी रही. पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पहले से ही संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है. इन स्थानों पर विशेष चौकसी बरती गई, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था को तुरंत नियंत्रित किया जा सके. डीएम एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहें व हर स्थिति पर पैनी नजर बनाये रखें. साथ ही, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था व आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है. जिला प्रशासन की मुस्तैदी व सजगता का ही परिणाम रहा कि पूरे जिले में रामनवमी का पर्व शांति, सौहार्द व उत्साह के वातावरण में संपन्न हो रहा है. आम नागरिकों ने भी प्रशासन का सहयोग करते हुए अनुशासन बनाये रखा. जिससे पर्व का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका है.