जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों काे प्राथमिकता के आधार पर करें निष्पादित : डीएम

डीएम ने सुनी लोगों की फरियाद

By MRIGENDRA MANI SINGH | February 13, 2026 8:50 PM

अररिया. जिलाधिकारी के जनता दरबार में शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखी. जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित 101 मामले सामने आये. इसमें सबसे अधिक मामले भूमि विवाद से जुड़े थे. जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी की शिकायतें सुनी व संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिया. जनता दरबार में श्यामानंद शर्मा ने डीएसएलआर कोर्ट द्वारा जारी आदेश को रानीगंज के अंचलाधिकारी द्वारा नहीं मानने की शिकायत की. सुलोचना देवी ने भूमि बंदोबस्त, अजय कुमार ने भू-मापी से जुड़ी अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखा. वहीं श्यामलाल पासवान ने चौकीदार व दफादार को एसीपी-एमएसीपी का लाभ नहीं दिये जाने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखा. जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए इसके त्वरित निष्पादन का आदेश दिया. जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिये. इसमें किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की चेतावनी उन्होंने दी. मौके पर अपर समाहर्ता अनिल कुमार सहित संबंधित अन्य अधिकारी मौजूद थे.