सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं बकरीद

सदर एसडीओ की अध्यक्षता में हुई शांति समिति की बैठक

By MRIGENDRA MANI SINGH | May 24, 2026 7:05 PM

अररिया. अनुमंडल क्षेत्र में बकरीद पर्व शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सदर एसडीओ बलवीर दास की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक रविवार को की गयी. बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह, नगर थाना अध्यक्ष मनीष कुमार सहित स्थानीय जन प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठन के सदस्य सहित शहर के कई प्रबुद्ध जनों ने भाग लिया. बैठक को संबोधित करते हुए सदर एसडीओ ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे, त्याग व सामाजिक सौहार्द का पर्व है. इसे शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें. सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि व अफवाह की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. एसडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी ईदगाहों व मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाये. नगर परिषद को विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने व बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाये रखने का निर्देश दिया गया. पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जायेगी. शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया. बैठक में नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद गौतम साह, वरीय सामाजिक कार्यकर्ता मो मोहसिन, राजद के जिला महासचिव व पूर्व नगर पार्षद कमाले हक सहित अन्य लोग मौजूद थे.