मोबाइल के इस्तेमाल में सजगता से होगा बचाव

रेणु सांस्कृतिक मंच ने केवाइसी व साइबर अपराध पर शुरू की जागरूकता कार्यक्रम.

By MRIGENDRA MANI SINGH | February 25, 2026 12:11 AM

अररिया. रेणु सांस्कृतिक मंच रेशम अररिया के कलाकारों ने कोशी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय अररिया की ओर से आयोजित केवाइसी व साइबर क्राइम आदि विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक ग्रामीण बैंक की विभिन्न शाखाओं में किया. इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने बैंक के विभिन्न योजना व साइबर अपराध से जुड़ी बातों को सुना व उनसे बचने के लिए जागरूक हुए. इस कार्यक्रम का निर्देशन ओम प्रकाश सोनु ने किया व नाटक में दल नायक विकास कुमार झा साथ थे. कलाकारों में उत्तम मिश्रा, रंजन यादव, मनोरंजन यादव, निशा कुमारी, शुभम दुबे, राकेश कुमार, सजल कुमार भी शामिल थे. वहीं ग्रामीण बैंक के पदाधिकारी राजेश कुमार मुर्मू, टीम के साथ सारे कार्यक्रम का मार्गदर्शन स्वयं कर रहे हैं. रेणु सांस्कृतिक मंच रेशम अररिया के निदेशक ओम प्रकाश सोनू ने कहा कि पूरे जिला में यह आयोजन किया जायेगा. ओम प्रकाश ने बताया कि आज के समय में साइबर अपराध बढ़ते जा रहे हैं, जिससे बचने के लिए सजग होने की जरूरत है. इसलिए मोबाइल का इस्तेमाल व बैंक खातों के इस्तेमाल में सावधानी बरतनी चाहिए. उन्होंने कहा कि मोबाइल के व्हाट्सएप में कुछ गलत मैसेज आते हैं, आपको लगेगा कि इसे किसी जान-पहचान के व्यक्ति ने आपको भेजा है, लेकिन आप जैसे हीं उक्त एप को डाउनलोड कीजियेगा, आपके मोबाइल की सारी जानकारी गलत लोगों तक चली जायेगी. इसलिए मोबाइल के इस्तेमाल में सावधानी बरती जानी आवश्यक है.