अररिया में देर रात ट्रैक्टर चालक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत
Araria Tractor Driver Murder: अररिया के भरगामा थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय ट्रैक्टर चालक संजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस घटनास्थल से खोखे बरामद कर मामले की जांच में जुटी है.
भरगामा से राष्ट्र भूषण पिंटू की रिपोर्ट:
Araria Tractor Driver Murder: थाना क्षेत्र के खुटहा बैजनाथपुर पंचायत स्थित राम जानकी मंदिर से पश्चिम नहर पुल के समीप रविवार देर रात 25 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा, फिर अररिया सदर अस्पताल और बाद में पूर्णिया रेफर किया गया, जहां सोमवार की अहले सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
मुख्य बातें
सीने और बांह में लगी गोली
मृतक की पहचान खुटहा बैजनाथपुर वार्ड संख्या-6 निवासी शिवानंद मेहता के पुत्र संजय कुमार (25) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, संजय ट्रैक्टर चालक था. रविवार देर रात उस पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी. गोली उसके सीने और बांह में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल संजय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद उसे अररिया सदर अस्पताल रेफर किया गया. वहां से चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर होने पर पूर्णिया रेफर कर दिया, जहां सोमवार सुबह करीब तीन बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुरानी रंजिश की बात आ रही सामने
परिजनों ने बताया कि संजय का एक अन्य ट्रैक्टर चालक से पूर्व से विवाद चल रहा था. उनका आरोप है कि धनेश्वरी गांव निवासी एक ट्रैक्टर चालक उसे लगातार धमकी देता था. पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है.
घटनास्थल से मिले दो खोखे
घटना की सूचना मिलते ही भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी राजकिशोर कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
और पढ़ें: भारत-नेपाल बॉर्डर पर अपराधियों की अब खैर नहीं, दोनों देशों के सुरक्षाबलों ने बनायी रणनीति
