अररिया में आज से फुटबॉल का महाकुंभ, जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप टूर्नामेंट का होगा आगाज

Araria Subroto Mukherjee Cup 2026: अररिया में आज से 65वीं जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू होगी. अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ियों के दस्तावेज और आयु की सख्त जांच के बाद ही प्रतियोगिता में भागीदारी मिलेगी.

By Shruti Kumari | June 30, 2026 10:44 AM

अररिया से पंकज कुमार की रिपोर्ट:

Araria Subroto Mukherjee Cup 2026: जिले में 65वीं जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज मंगलवार से होगा. अररिया कॉलेज स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की अंडर-15 बालक तथा अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.

आयु और दस्तावेजों की होगी सख्त जांच

जिलाधिकारी विनोद दूहन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं. जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अंडर-15 बालक वर्ग के खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2012 या उसके बाद तथा अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2010 या उसके बाद की होनी चाहिए.

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और विद्यालय का पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा. सभी दस्तावेज सत्यापित होने चाहिए. आवश्यक प्रमाण-पत्र नहीं होने पर संबंधित खिलाड़ी को प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं मिलेगी.

गड़बड़ी मिलने पर पूरी टीम होगी बाहर

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी टीम के चार खिलाड़ियों के आयु प्रमाण-पत्र या अन्य दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई जाती है तो पूरी टीम को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा. अनुशासनहीनता के मामलों में भी संबंधित खिलाड़ियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

निबंधन और मेडिकल जांच भी अनिवार्य

प्रतियोगिता में शामिल होने से पहले सभी विद्यालयों को अपने खिलाड़ियों का ऑनलाइन निबंधन कराना होगा. बिना निबंधन वाली टीमों को प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी. खिलाड़ियों की आयु सत्यापन के लिए मेडिकल टीम भी गठित की जाएगी. सभी विद्यालयों को www.subrotocup.in पोर्टल के माध्यम से निबंधन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.

बेहतर प्रदर्शन दोहराने की चुनौती

पिछले दो वर्षों से जिले की अंडर-15 बालक टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है और वर्ष 2025 में उपविजेता रही थी. इस बार भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है, वहीं निष्पक्ष और पारदर्शी प्रतियोगिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है.

और पढ़ें: बारिश के बाद जलजमाव से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नाला निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन