जनता दरबार में 10 मामलों का निष्पादन

सीओ ने अतिक्रमण पर दिखाया कड़ा रूख

By PRAPHULL BHARTI | May 23, 2026 6:11 PM

भरगामा. प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में भू-विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गयी. इस दौरान 12 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर क्रमवार सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गयी. सभी मामलों पर गंभीरता से विचार करने के बाद 10 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि दो मामलों में पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में संबंधित फरियादियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ अगले जनता दरबार में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया. सीओ निरंजन कुमार मिश्र ने प्रखंड क्षेत्र में बढ़ते सड़क किनारे अतिक्रमण पर कड़ा रुख अपनाते हुए अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीन पर किया गया अतिक्रमण अविलंब खाली करें, अन्यथा विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी. जनता दरबार में सीओ निरंजन कुमार मिश्र, थानाध्यक्ष राजेश कुमार, अंचल सहायक शशि कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.