मंगला आरती से शुरू हुई पूजा, दिनभर होगा बाबा गरीबनाथ का दर्शन-पूजन

Aaj Ka Darshan: मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर में मंगला आरती और षोडशोपचार पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. दिनभर दर्शन-पूजन और शाम को प्रधान आरती का आयोजन होगा.

By Aaruni Thakur | July 1, 2026 7:30 AM

Aaj Ka Darshan: सुबह होते ही बाबा गरीबनाथ मंदिर में घंटों की गूंज और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा. मंगला आरती के बाद जैसे ही जलाभिषेक शुरू हुआ, श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में नजर आने लगीं.

बुधवार सुबह बाबा गरीबनाथ की षोडशोपचार पूजा विधि-विधान से संपन्न हुई. इसके बाद गेंदा, गुलाब और बेलपत्र से बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया.

ये भी पढ़ें: सरकारी अस्पताल से रेफर हुआ नवजात, पैसों की कमी बनी बाधा, निजी अस्पताल ने मुफ्त इलाज कर बचाई जान

मंगला आरती के साथ शुरू हुई पूजा

मंदिर के सेवायत परिवार के पंडित बैजू पाठक और पंडित बच्चा पाठक ने बाबा की मंगला आरती संपन्न कराई.

आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने ताली-कीर्तन के साथ भगवान शिव की आराधना की. इसके बाद जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो सुबह से लगातार जारी रहा.

सत्यनारायण और रुद्राभिषेक के लिए पहुंचे श्रद्धालु

सुबह से ही मंदिर में सत्यनारायण पूजा कराने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही.

कई परिवारों ने बाबा का रुद्राभिषेक भी कराया. पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण देखने को मिला.

दिनभर चलेगा दर्शन-पूजन

दोपहर में मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक बाबा की विशेष पूजा और आरती करेंगे.

इसके बाद बाबा के शयन के लिए गर्भगृह का कपाट बंद कर दिया जाएगा.

शाम को फिर खुलेंगे कपाट

शाम चार बजे गर्भगृह के कपाट दोबारा श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे.

इसके बाद रात नौ बजे तक श्रद्धालु बाबा का दर्शन और पूजन कर सकेंगे. रात्रि में प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक और पंडित बैजू पाठक द्वारा बाबा की प्रधान आरती के बाद गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए जाएंगे.

ये भी पढ़ें: पत्नी की याद में पति ने बनवाया 25 लाख का मंदिर, जयपुर से मंगाई प्रतिमा, वैदिक मंत्रों के बीच प्राण प्रतिष्ठा