जिम्बाब्वे ने 25 साल बाद रचा इतिहास, बांग्लादेश को पारी और 85 रन से रौंदा

हरारे टेस्ट में जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को पारी और 85 रन से हराकर 25 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. इनोसेंट काइया के नाबाद 140 रन और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से मेजबान टीम ने लगातार दूसरी टेस्ट जीत दर्ज की.

By Ujjawal Sinha | June 30, 2026 9:14 PM

Zimbabwe Crush Bangladesh: हरारे टेस्ट में जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को पारी और 85 रन से हराया. इस मुकाबले को जिम्बाब्वे ने चौथे दिन की अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही 25 साल बाद लगातार दो टेस्ट मैच जीतने का ऐतिहासिक कारनामा भी कर दिखाया.

ब्लेसिंग मुजारबानी का कहर

बांग्लादेश की टीम दूसरी पारी में 185 रन पर सिमट गई. पहली पारी में वह सिर्फ 140 रन बना सकी थी. जिम्बाब्वे के लिए तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी ने दूसरी पारी में 4 विकेट झटके, जबकि कप्तान रिचर्ड न्गारावा ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा.

इनोसेंट काइया ने नाबाद 140 रन की पारी खेली

इससे पहले जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 410 रन बनाकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी. टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज इनोसेंट काइया ने नाबाद 140 रन की शानदार पारी खेली. उनकी इस पारी की बदौलत जिम्बाब्वे को 270 रन की अहम बढ़त मिली, जिससे बांग्लादेश पर दबाव बढ़ता चला गया.

बांग्लादेश के बल्लेबाजों की खराब बल्लेबाजी

चौथे दिन बांग्लादेश ने 40/1 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने उसे संभलने का मौका नहीं दिया. महमूदुल हसन जॉय (22) दिन के पहले विकेट बने, जबकि मोमिनुल हक भी जल्द आउट हो गए. मुशफिकुर रहीम (34) और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (30) ने 61 रन की साझेदारी कर संघर्ष जरूर किया, लेकिन इसके बाद पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई.

काइया बने प्लेयर ऑफ द मैच

अपनी 140 रन की मैच जिताऊ पारी के लिए इनोसेंट काइया को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. मैच के बाद उन्होंने कहा कि यह जीत टीम की मेहनत और फिटनेस पर किए गए काम का परिणाम है.

कई मायनों में खास रही यह जीत

यह जीत जिम्बाब्वे के लिए कई मायनों में खास रही. अक्टूबर 2025 में अफगानिस्तान को हराने के बाद यह उसकी लगातार दूसरी टेस्ट जीत है. जिम्बाब्वे ने आखिरी बार 2001 में लगातार दो टेस्ट मैच जीते थे, जब उसने बांग्लादेश को 2-0 से हराया था. वहीं टेस्ट इतिहास में यह केवल तीसरा मौका है जब जिम्बाब्वे ने लगातार दो टेस्ट जीत दर्ज की हैं.

यह भी पढ़ें: मुंबई से बेंगलुरु शिफ्ट हुए हार्दिक पांड्या, BCCI के COE को बनाया नया ट्रेनिंग कैंप