‘सिर्फ ड्रिंक्स लेकर आए और जीत लिया दिल’ – वैभव सूर्यवंशी के इस वीडियो ने इंटरनेट पर मचाया तहलका

Vaibhav Suryavanshi viral video: भारतीय क्रिकेट के नए सनसनीखेज बल्लेबाज, 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय पदार्पण फिलहाल टल गया है. आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाले इस युवा प्रतिभा को आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया.

By Ritu Raj | June 27, 2026 9:30 AM

Vaibhav Suryavanshi viral video: भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और आईपीएल के सनसनीखेज सीजन के बाद चर्चा में आए 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय पदार्पण (डेबू) का इंतजार और लंबा हो गया है. शुक्रवार को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भले ही वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली, लेकिन मैदान पर उनकी उपस्थिति ने दर्शकों का दिल जरूर जीत लिया.

बाउंड्री के पास गूंजे वैभव के नाम के जयकारे

आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में भले ही वैभव सूर्यवंशी को अंतिम ग्यारह में जगह नहीं मिली, लेकिन प्रशंसकों के लिए उनकी मौजूदगी ही काफी थी. जब यह 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी मैदान पर ड्रिंक्स लेकर उतरा, तो दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया. स्पिनर रवि बिश्नोई और बाकी खिलाड़ियों के लिए पानी ले जाते हुए वैभव को देख स्टेडियम में मौजूद फैंस ने तालियों और नारेबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो इस बात की गवाही दे रहे हैं कि वैभव टीम के अन्य अनुभवी खिलाड़ियों के साथ पूरी तरह से घुल-मिल गए हैं. ड्रेसिंग रूम की रणनीतियों को करीब से समझना हो या मैदान पर टीम का हिस्सा बनकर जिम्मेदारी निभाना, वैभव अपनी बारी के लिए पूरी तरह तैयार और केंद्रित नजर आ रहे हैं. उनकी यह सादगी और खेल के प्रति समर्पण देख क्रिकेट प्रेमी भविष्य के इस सितारे को लेकर काफी उम्मीदें लगाए बैठे हैं.

प्लेइंग इलेवन में जगह न मिलने पर कप्तान अय्यर ने दी सफाई

मैच से पहले टॉस के दौरान सबकी नजरें भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर पर टिकी थीं. जब उनसे पूछा गया कि क्या सूर्यवंशी को आज मौका दिया जाएगा, तो अय्यर ने कहा- “दुर्भाग्यवश, सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका नहीं मिलेगा. वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन हमारे पास पहले से ही कुछ शानदार खिलाड़ी हैं जिन्होंने टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है. हम अभी उनका समर्थन कर रहे हैं. हालांकि, समय आने पर उन्हें मौका जरूर मिलेगा.”

इसे भी पढ़े- ईशान किशन ने रुककर बुजुर्ग के छुए पैर, वीडियो वायरल