वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू तय? एक वायरल पोस्ट ने बढ़ा दी फैंस की धड़कनें

Vaibhav Suryavanshi debut: IPL 2026 में 776 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी खेलकर सुर्खियां बटोरने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में शामिल होना क्रिकेट जगत के लिए सबसे बड़ी खबर रही है. फैंस बेसब्री से उनके डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं. इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के ठीक पहले आई एक सोशल मीडिया पोस्ट ने यह चर्चा छेड़ दी है कि क्या वैभव सूर्यवंशी अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत इसी मैच से करेंगे.

By Ritu Raj | July 1, 2026 7:10 AM

Vaibhav Suryavanshi debut: वैभव को आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम में चुना गया था, जहाँ से उम्मीद थी कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिलेगा. हालांकि, दोनों ही मैचों में उन्हें बेंच पर बैठना पड़ा. भारतीय टीम का प्रदर्शन भी उन मैचों में निराशाजनक रहा और दोनों ही मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा. आयरलैंड में मिली इस हार के बाद से ही सोशल मीडिया और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच वैभव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है.

श्रेयस अय्यर के गोलमोल जवाबों से भड़के फैंस

मंगलवार, 30 जून को चेस्टर-ले-स्ट्रीट में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच से पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान जब वैभव के डेब्यू को लेकर सवाल पूछा गया, तो कप्तान के गोलमोल जवाबों से फैंस खासे नाराज दिखे. सोशल मीडिया पर कप्तान, कोच और टीम मैनेजमेंट के प्रति फैंस ने जमकर अपनी भड़ास निकाली. प्रशंसकों का मानना है कि इतनी शानदार फॉर्म में चल रहे युवा खिलाड़ी को बेंच पर बिठाना टीम के भविष्य के लिए सही नहीं है.

‘रेत घड़ी’ इमोजी ने सोशल मीडिया पर मचाई खलबली

मैच की पूर्व संध्या पर वैभव सूर्यवंशी के एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने अटकलों को एक नई दिशा दे दी है. वैभव ने इंग्लैंड दौरे की अपनी तस्वीरें साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘ग्रेटफुल’ (कृतज्ञ). हालांकि, इस पोस्ट के साथ इस्तेमाल किए गए ‘रेत घड़ी’ (Hourglass) वाले इमोजी ने हलचल मचा दी है. क्रिकेट जगत में इस इमोजी का अर्थ ‘इंतजार खत्म होने’ या ‘कुछ बड़ा होने वाला है’ के रूप में देखा जाता है. फैंस इसे वैभव के डेब्यू के संकेत के तौर पर देख रहे हैं. यह पोस्ट ऐसे समय में आया है जब हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि क्या 1 जुलाई को 15 साल का यह युवा बल्लेबाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना आगाज करेगा.

इतिहास रचने की दहलीज पर वैभव

भारतीय क्रिकेट के इतिहास में बहुत कम ऐसे मौके आए हैं जब टीम प्रबंधन ने मैच से एक दिन पहले ही डेब्यू का ऐलान किया हो. श्रेयस अय्यर का स्पष्ट जवाब न देना एक सामान्य प्रक्रिया हो सकती है। हालांकि, यह तय है कि अगर 1 जुलाई को वैभव सूर्यवंशी मैदान पर उतरते हैं, तो वह भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे. अब सबकी निगाहें टॉस के समय पर टिकी हैं. क्या वाकई 15 साल का यह युवा प्रतिभा इंग्लैंड के घातक गेंदबाजों का सामना करने के लिए तैयार है. इसका जवाब तो मैच शुरू होने से आधे घंटे पहले ही मिलेगा.

इसे भी पढ़े- इंग्लैंड ने किया प्लेइंग इलेवन का ऐलान, इस घातक गेंदबाज के बिना उतरेगी इंग्लिश टीम