गार्ड ऑफ ऑनर के साथ इन 3 दिग्गज खिलाड़ियों ने क्रिकेट को कहा अलविदा, वीडियो वायरल

Legendary Cricketers Retirement: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड का सफर निराशाजनक रूप से ग्रुप स्टेज में ही थम गया. लंदन के 'द ओवल' में खेले गए निर्णायक लीग मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 9 विकेट से एकतरफा मात दी.

By Ritu Raj | June 28, 2026 11:15 AM

Legendary Cricketers Retirement: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड का अभियान ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया. टीम को अपने आखिरी लीग मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों 9 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा. लंदन के द ओवल मैदान पर मिली इस शिकस्त ने न केवल न्यूजीलैंड के विश्व कप सफर का अंत किया, बल्कि महिला क्रिकेट के एक स्वर्णिम दौर पर भी विराम लगा दिया. इस मुकाबले के साथ टीम की तीन महान खिलाड़ियों (सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और ली ताहूहू) ने अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया. गार्ड ऑफ ऑनर के साथ मैदान से विदाई लेते इन तीन दिग्गज खिलाड़ियों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

पहले ही कर दिया था संन्यास का ऐलान

सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और ली ताहूहू ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही घोषणा कर दी थी कि यह विश्व कप उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी टूर्नामेंट होगा. हालांकि, तीनों खिलाड़ी अपने करियर का समापन विश्व कप ट्रॉफी के साथ करना चाहती थीं, लेकिन टीम का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया. इसके बावजूद इन तीनों ने न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में ऐतिहासिक योगदान दिया.

न्यूजीलैंड की सबसे सफल बल्लेबाज

सूजी बेट्स न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट इतिहास की सबसे महान खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं. उन्होंने अपने 20 साल लंबे इंटरनेशनल करियर में कुल 370 मैच खेले और रिकॉर्ड 10,721 रन बनाए. वह न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली खिलाड़ी भी हैं. लगातार दो दशकों तक टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ रहीं बेट्स ने कई यादगार पारियां खेलीं और अनेक मुकाबलों में अकेले दम पर टीम को जीत दिलाई.

सोफी डिवाइन का शानदार ऑलराउंड करियर

पूर्व कप्तान सोफी डिवाइन ने न्यूजीलैंड के लिए 317 इंटरनेशनल मुकाबले खेले. इस दौरान उन्होंने वनडे क्रिकेट में 4,279 रन और टी20 इंटरनेशनल में 3,817 रन बनाए. इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए कुल 241 विकेट अपने नाम किए. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और मैच जिताऊ ऑलराउंड प्रदर्शन के कारण उन्हें दुनिया की सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर्स में गिना जाता है.

ली ताहूहू ने 250 से ज्यादा विकेट झटके

न्यूजीलैंड की अनुभवी तेज गेंदबाज ली ताहूहू ने 15 साल लंबे इंटरनेशनल करियर में 207 मैच खेले और 225 विकेट हासिल किए. अपनी गति, सटीक लाइन-लेंथ और अनुभव के दम पर उन्होंने कई बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया. हालांकि, अपने आखिरी मुकाबले में वह कोई विकेट हासिल नहीं कर सकीं, लेकिन उनका योगदान न्यूजीलैंड क्रिकेट में हमेशा याद रखा जाएगा.

आखिरी मैच में डिवाइन ने खेली तूफानी पारी

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 163 रन बनाए. कप्तान अमेलिया केर ने सबसे ज्यादा 34 गेंदों में 42 रन बनाए. वहीं, अपने आखिरी इंटरनेशनल मैच में सोफी डिवाइन ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए केवल 14 गेंदों पर 30 रन ठोक दिए. उनकी इस तेजतर्रार पारी में तीन शानदार छक्के शामिल रहे. सूजी बेट्स ने भी 13 गेंदों में 19 रन बनाए, लेकिन पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हो गईं. हालांकि, न्यूजीलैंड के गेंदबाज इस स्कोर का बचाव नहीं कर सके और इंग्लैंड ने सिर्फ एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. इस हार के साथ न्यूजीलैंड का विश्व कप अभियान भी समाप्त हो गया.

‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के साथ भावुक विदाई

मैच खत्म होने के बाद मैदान पर बेहद भावुक नजारा देखने को मिला. न्यूजीलैंड और इंग्लैंड दोनों टीमों के खिलाड़ी तथा सहयोगी स्टाफ एक साथ मैदान पर उतरे. सभी ने एक कतार बनाकर सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और ली ताहूहू को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया. इस सम्मान ने तीनों दिग्गज खिलाड़ियों के शानदार करियर को यादगार विदाई दी. मैदान पर मौजूद दर्शकों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इन महान खिलाड़ियों को सम्मान दिया.

न्यूजीलैंड क्रिकेट की तीन दिग्गजों को विदाई

सोफी डिवाइन, सूजी बेट्स और ली ताहूहू का संन्यास न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट के लिए एक बड़े बदलाव का संकेत है. तीनों खिलाड़ियों ने वर्षों तक टीम की पहचान बनाई और विश्व क्रिकेट में न्यूजीलैंड को मजबूत स्थान दिलाया. भले ही उनका आखिरी मैच जीत के साथ समाप्त नहीं हुआ, लेकिन उनके योगदान, रिकॉर्ड और उपलब्धियां हमेशा क्रिकेट इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेंगी.

इसे भी पढ़े- 21 हार के बाद वर्ल्ड कप में आयरलैंड की ऐतिहासिक जीत, वेस्टइंडीज का सेमीफाइनल का सपना तोड़ा