अब अमेरिका में भी चलेगा शाहरुख का जादू, पोमोना में हुआ LA नाइट राइडर्स स्टेडियम का उद्घाटन

Shahrukh khan: बॉलीवुड के 'किंग खान' और नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी के सह-मालिक शाहरुख खान ने क्रिकेट की दुनिया में एक नया अध्याय लिख दिया है. उन्होंने कैलिफोर्निया के पोमोना में 'LA नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड' का आधिकारिक उद्घाटन कर दिया है.

By Ritu Raj | July 2, 2026 11:35 AM

Shahrukh khan: यह आयोजन केवल एक स्टेडियम की शुरुआत नहीं है, बल्कि अमेरिका में क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव का प्रतीक है. नाइट राइडर्स का यह अपना स्थायी स्टेडियम न केवल टीम के लिए एक बड़ा कदम है, बल्कि भविष्य में अमेरिकी सरजमीं पर क्रिकेट की लोकप्रियता और बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला एक ऐतिहासिक मील का पत्थर भी साबित होगा.

शाहरूख खान ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

स्टेडियम के उद्घाटन के दौरान शाहरुख खान बेहद भावुक नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने दिल की बात साझा करते हुए इसे एक पुराने सपने का सच होना बताया. शाहरुख ने लिखा, “जो एक सपने के रूप में शुरू हुआ था… वह आज हकीकत में बदल गया है.” उन्होंने इस दौरान बीसीसीआई सचिव जय शाह, आईसीसी (ICC) और संजोग गुप्ता का विशेष आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह जगह सिर्फ खेल के लिए नहीं, बल्कि मनोरंजन, परिवारों और हमेशा याद रहने वाली यादों को संजोने के लिए बनाई गई है.

पूजा-अर्चना के साथ हुआ स्टेडियम का अनावरण

स्टेडियम का अनावरण पूरी तरह से भारतीय परंपरा और आस्था के साथ किया गया. उद्घाटन समारोह में पंडितों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना की गई, जिससे यह पल और भी खास बन गया. ‘पर्पल और गोल्ड’ नाइट राइडर्स का प्रतीक है, जिसे लेकर शाहरुख ने फैंस के प्रति अपना उत्साह और भरोसा जताया.

MLC मैचों के साथ क्रिकेट प्रेमियों को मिलेगा वर्ल्ड-क्लास अनुभव

दरअसल, यह अत्याधुनिक स्टेडियम इसी सीजन से मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के मैचों के साथ अपनी यात्रा शुरू करेगा।.इस मैदान पर आगामी MLC सीजन के 7 अहम मुकाबले खेले जाएंगे. यह पहली बार होगा जब साउथ कैलिफोर्निया के क्रिकेट प्रेमी अपने स्थानीय क्षेत्र में विश्वस्तरीय फ्रेंचाइजी क्रिकेट का लाइव अनुभव ले सकेंगे. स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है, जिसमें आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ-साथ परिवार के अनुकूल मनोरंजन और कार्यक्रमों के लिए खास व्यवस्था की गई है.

MLC से ओलंपिक तक का सफर

इस स्टेडियम का महत्व केवल MLC तक सीमित नहीं है. साल 2028 में जब 128 साल के लंबे अंतराल के बाद क्रिकेट की ओलंपिक खेलों में वापसी होगी, तब यह वेन्यू वैश्विक मंच पर अमेरिकी क्रिकेट का प्रमुख चेहरा होगा. ओलंपिक की तैयारियों और मैचों के आयोजन के लिहाज से इसे विश्व क्रिकेट के सबसे महत्वपूर्ण स्थानों में से एक माना जा रहा है.

अमेरिकी सरजमीं पर खेल को मिलेगी नई पहचान

अमेरिका में क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता के बीच, शाहरुख खान का यह प्रोजेक्ट इस खेल के लिए एक बड़े बूस्टर डोज का काम करेगा. यह न केवल अमेरिका में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर इस खेल की पहुंच और विस्तार को भी नई दिशा प्रदान करेगा.

इसे भी पढ़े- 128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी, जानिए कहां और कैसे होगा मेगा इवेंट