‘मेरा ध्यान इंग्लैंड को…’, सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को लेकर जो रूट ने तोड़ी चुप्पी
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने की संभावनाओं पर चुप्पी तोड़ी है.
Joe Root: इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट पिछले 4-5 सालों से टेस्ट क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. पिछले साल भारत के खिलाफ भी जो रूट का बल्ला जमकर बोला था. उसके बाद भी उन्हें जब भी मौका मिला है, उनके बल्ले से खूब रन निकले हैं. ऐसे में अब जो रूट को लेकर ऐसी चर्चाएं चलने लगी है कि आने वाले दिनों में जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले रिकॉर्ड को तोड़ देंगे.
टेस्ट क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर और जो रूट के बीच अब सिर्फ 1978 रनों का ही अंतर रह गया है. ऐसे में सभी को लग रहा है कि आने वाले 2 साल में सचिन तेंदुलकर का यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड तोड़ने के बारे में जो रूट से एक सवाल पूछा गया. जिसका जवाब उन्होंने क्या दिया. आइए जानते हैं.
सचिन के रिकॉर्ड के बारे में नहीं सोच रहा
रूट से ‘द एथलेटिक’ शो में सचिन तेंदुलकर के टेस्ट रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने के बारे में पूछा गया, तो रूट ने कहा कि मैं यहां सचिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के लिए नहीं खेल रहा हूं. सचिन तेंदुलकर क्रिकेट के एक महान प्रतीक है. मेरा ध्यान केवल अपनी टीम के लिए रन बनाने और इंग्लैंड को मैच जिताने पर है.
खुद को निखारने की कोशिश लगातार जारी
जो रूट ने कहा कि लोग भले ही यह मान रहे हों कि उनका पूरा ध्यान इस समय सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड पर है, लेकिन उनके लिए सबसे अहम हमेशा अपने खेल को बेहतर बनाना रहा है. रूट ने बताया कि वह लगातार खुद को निखारने और बल्लेबाजी में नए पहलू जोड़ने की कोशिश करते रहते हैं. उनका मानना है कि तकनीकी रूप से मजबूत और संतुलित बने रहना बेहद जरूरी है, ताकि बड़े मुकाबलों में वह अपने खेल को पूरी आत्मविश्वास के साथ लागू कर सकें.
सचिन और रूट का रिकॉर्ड
सचिन ने 200 टेस्ट मैच खेल कर कुल 15,921 रन बनाये थे. जिसमे 51 शतक शामिल थे. वहीं दूसरी ओर, 35 वर्षीय जो रूट ने 163 मैच खेलें हैं. इस दौरान उन्होंने कुल 13,943 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 41 टेस्ट शतक लगाए हैं. रूट के पास सचिन के इस रिकॉर्ड को तोड़ने का बेहतरीन मौका है. अगर वह इसी निरंतरता के साथ खेलते रहे तो वह सचिन के रिकॉर्ड को बहुत जल्दी ही तोड़ सकते हैं और वह ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बन सकते है.
स्वयं ऋषि
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप के लिए इंग्लैंड रवाना हुई भारतीय टीम, हरमनप्रीत एंड कंपनी को फैंस ने दी शुभकामनाएं
