दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, महिला टी20 इंटरनेशनल में ऐसा कारनामा करने वाली पहली गेंदबाज बनी

महिला टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए दीप्ति शर्मा ने इतिहास रच दिया. पांच विकेट लेने के साथ वह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं.

By Ujjawal Sinha | June 15, 2026 3:11 PM

Deepti Sharma: महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार जीत के साथ की. बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से मात देकर टूर्नामेंट में दमदार आगाज किया. इस जीत की सबसे बड़ी हीरो दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 10 रन खर्च किए और पांच विकेट अपने नाम किए.

दीप्ति शर्मा ने इस प्रदर्शन के साथ इतिहास भी रच दिया. पाकिस्तान की नाशरा संधू का विकेट लेते ही वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं. दीप्ति के नाम अब 145 मैचों में 166 विकेट दर्ज हैं. उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग (165 विकेट) को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की.

टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए दीप्ति ने बनाए ये रिकॉर्ड

दीप्ति ने महिला टी20 विश्व कप में भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड रेणुका सिंह ठाकुर के नाम था, जिन्होंने 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ 5 विकेट लेकर यह कारनामा किया था.

महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लने वाली दूसरी गेंदबाज

इसके अलावा दीप्ति अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 350 विकेट का आंकड़ा छूने वाली भारत की दूसरी महिला गेंदबाज भी बन गई हैं. पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट लेने के बाद उनके नाम अब कुल 354 अंतरराष्ट्रीय विकेट हो गए हैं. इस सूची में उनसे आगे सिर्फ दिग्गज झूलन गोस्वामी हैं, जिन्होंने 355 विकेट हासिल किए थे.

मुकाबले का हाल

मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों में 68 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन जोड़े. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने भी तेजतर्रार अंदाज में खेलते हुए 17 गेंदों पर 34 रन बनाए.

171 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई. इस तरह भारत ने 64 रन से मुकाबला अपने नाम किया. रनों के अंतर से यह महिला टी20 विश्व कप इतिहास में भारतीय टीम की पांचवीं सबसे बड़ी जीत भी है.

यह भी पढ़ें: हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा मिताली राज का बड़ा रिकॉर्ड, टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा करने वाली पहली भारतीय बनी