6 फीट 5 इंच लंबा, 125 किलो वजन; बेन स्टोक्स विवाद में सामने आया रग्बी खिलाड़ी का नाम
न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के जश्न के दौरान लंदन के एक नाइटक्लब में हुए विवाद ने इंग्लैंड क्रिकेट को मुश्किल में डाल दिया है. मामले में शामिल रग्बी खिलाड़ी की पहचान टोटोआ औवा के रूप में हुई है, जबकि बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन ECB की जांच के दायरे में हैं.
Ben Stokes: इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन से जुड़े नाइटक्लब विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. अब उस रग्बी खिलाड़ी की पहचान भी सामने आ गई है, जिसकी वजह से दोनों क्रिकेटर इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की जांच के दायरे में आ गए हैं.
ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, झड़प में शामिल खिलाड़ी 21 वर्षीय टोटोआ औवा है, जो इंग्लिश रग्बी क्लब सारासेन्स का उभरता हुआ खिलाड़ी माना जाता है. समोआ मूल के औवा की लंबाई 6 फुट 5 इंच और वजन करीब 125 किलोग्राम बताया जाता है. वह समोआ अंडर-20 और समोआ ‘ए’ टीम की कप्तानी भी कर चुका है.
🚨Street fight alert 🚨
— ᴄʀɪᴄᴋᴇᴛ ʟᴏᴠᴇʀ (@criclover451807) June 9, 2026
Ben Stokes and Gus Atkinson involved in a nightclub street fighting after England's Test win.
-It didn't confirmed that who is person knocked out by stokes with his punch👊
-Reports coming that his captaincy may in danger#ENGvsNZ #TestCricket… pic.twitter.com/ewCvfWtxsl
जीत के जश्न के दौरान हुआ विवाद
रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना सोमवार सुबह लंदन के चेल्सी स्थित मशहूर नाइटक्लब ‘रेक्स रूम्स’ में हुई. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में इंग्लैंड की जीत के बाद बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन क्लब के वीआईपी एरिया में मौजूद थे. उसी दौरान टोटोआ औवा और इंग्लैंड टीम की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े एक सदस्य के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई. शुरुआती रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि औवा ने एटकिंसन को मुक्का मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह सुरक्षा कर्मी को लग गया. इस घटना में सुरक्षा सदस्य घायल हो गया और उसे टांके लगवाने पड़े.
ECB ने शुरू की जांच
मामले के सामने आने के बाद ECB ने जांच शुरू कर दी है. बोर्ड विशेष रूप से इस बात की जांच कर रहा है कि क्या बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन ने टीम के कर्फ्यू और अनुशासन संबंधी नियमों का उल्लंघन किया था. ECB ने अपने बयान में कहा कि वह पहले टेस्ट मैच के बाद टीम प्रोटोकॉल के संभावित उल्लंघन की जांच कर रहा है. बोर्ड ने यह भी पुष्टि करते हुए कहा कि घटना के समय दोनों खिलाड़ी नाइटक्लब में मौजूद थे और मामले की जानकारी क्रिकेट रेगुलेटर को दे दी गई है.
दूसरे टेस्ट से बाहर रह सकते हैं दोनों खिलाड़ी
रिपोर्ट्स के अनुसार, स्टोक्स और एटकिंसन 17 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में उपलब्ध नहीं होंगे. हालांकि ECB ने अभी अंतिम फैसला नहीं सुनाया है, लेकिन जांच पूरी होने तक दोनों खिलाड़ियों की स्थिति पर नजर बनी हुई है.
कप्तानी पर भी मंडरा रहा खतरा
यह विवाद बेन स्टोक्स के लिए व्यक्तिगत रूप से भी बड़ी परेशानी बन सकता है. यदि जांच में टीम नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो उनकी कप्तानी पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं. वहीं दूसरी ओर, टोटोआ औवा का भविष्य भी अनिश्चित बताया जा रहा है और सारासेन्स क्लब इस पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है.
यह भी पढ़ें: नाइटक्लब में दिखे बेन स्टोक्स और एटकिंसन, तस्वीरें वायरल होते ही ECB ने शुरू की जांच
